प्रगति में सड़कों का अत्यंत महत्व: गडकरी

भोपाल। लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने आज इंदौर में सिविल इंजीनियरों के संगठन भारतीय रोड कांग्रेस के 76वें अधिवेशन का शुभारंभ किया। समारोह की अध्यक्षता केन्द्रीय भू-तल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। 22 दिसम्बर तक चलने वाले अधिवेशन में सड़क तथा पुल-निर्माण संधारण, संरक्षण, सड़क सुरक्षा सहित अहम विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा।
समारोह में श्रीमती महाजन ने कहा कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों का भी तेजी से विकास हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाली मुख्य सड़कों और पुल-पुलियाओं की डिजाइन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। विकास योजना बनाते समय दृढ़ इच्छा-शक्ति, जवाबदेही तथा पारदर्शिता रखी जाए। सभी कार्य समर्पण, जवाबदेही और ईमानदारी के साथ किये जाए। योजनाएं दूरगामी दृष्टिकोण के साथ बने और उसका दृढ़ता के साथ क्रियान्वयन हो। श्री गडकरी ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति में सड़कों और विकास में सिविल इंजीनियरों का अहम योगदान होता है। उन्होंने कहा कि सड़कों और पुलों के निर्माण में कुछ तकनीकी खामियां दुर्घटना का बड़ा कारण बनती हैं। उन्होंने प्रतिनिधियों का आव्हान किया कि दुर्घटना का कारण बनने वाली तकनीकी खामियों को दूर करने के वे उपाय बतायें।
उन्होंने कहा कि समय पर कार्य स्वीकृत तथा निर्धारित समय पर पूर्ण करने की आदत डालना होगी। त्वरित निर्णय लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण, पारदर्शिता, दृढ इच्छा-शक्ति और टीम भावना के साथ कार्य करना चाहिए। अच्छे कार्य करने वालों को सम्मान मिले और गलत कार्य करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ किसान और सर्वश्रेष्ठ इंजीनियरों को पुरस्कृत करने की जरूरत भी बतायी।
बेहतर सड़कें विकास का आधार: शिवराज
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि बेहतर सड़कें समृद्धि और विकास का मूल आधार हैं। मध्यप्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। प्रदेश में बेहतर सड़के बनने से विकास को नयी गति मिली है। विकास दर बढ़कर दोहरे अंक में पहुंच गयी है। सड़क निर्माण से व्यवसाय एवं उद्योगों के लिये बेहतर वातारण बना है। किसान अब आसानी से अपनी उपज बाजार तक ला रहे हैं। कृषि विकास दर में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुयी है। राज्य सरकार की मंशा है कि नर्मदा के जल को क्षिप्रा से जोडऩे के बाद कालीसिंध और बेतवा नदी में भी नर्मदा का पानी मिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण क्षेत्र के साथ साथ अब हमें सड़क-सुरक्षा, पर्यावरण-सुधार, वृक्षारोपण और सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा। सड़क निर्माण में ई-टेण्डरिंग, ई-मेजरमेंट और ई-पेमेंट से क्रांतिकारी बदलाव आ रहा है। इस नवीन सुधारात्मक व्यवस्था के लिये सिविल इंजीनियर, रोड टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ और वैज्ञानिकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
अटल बस सेवा का शुभारंभ
फ्री वाई-फाई सुविधा के साथ टेली रिक्शा के मोबाइल एप की भी शुरुआत
वहीं आज इंदौर शहर को विभिन्न महत्वपूर्ण सौगातें प्राप्त हुर्इं। इंदौर शहर के सघन रास्तों पर नागरिकों को परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिये अटल बस सेवा का शुभारंभ किया गया। डिजिटल इंडिया कार्यक्रम में शहर के लिये फ्री वाई-फाई सेवा शुरू हुई तथा टेली रिक्शा मोबाइल एप्लीकेशन का लोकार्पण हुआ। अतिथियों ने अटल बस सेवा में शहर के सघन मार्गों पर चलने वाली 32 नई मिडी बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। बस सेवा जिला प्रशासन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण के सहयोग से एआईसीटीएसएल द्वारा शुरू की गयी है। बस में जीपीएस, एनाउसंमेंट सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। डिजिटल इण्डिया कार्यक्रम में शहर को वाई-फाई बनाने के लिये हाई स्पीड वाई-फाई इंटरनेट की सुविधा शुरू हुई। प्रथम चरण में शहर के 55 महत्वपूर्ण स्थान पर जियोनेट हाईस्पीड वाई-फाई सेवाएँ मिलेंगी। वहीं टेली आटो रिक्शा सेवा के मोबाइल एप को भी लाँच किया गया। इस एप के जरिये नागरिकों को विभिन्न सुविधाएँ मिलेंगी।

Next Story