Home > Archived > रमजान से मिलने पहुंची पाकिस्तानी महिला, जमकर किया हंगामा

रमजान से मिलने पहुंची पाकिस्तानी महिला, जमकर किया हंगामा

भोपाल। अयोध्या नगर स्थित बालगृह में रह रहे पाकिस्तानी किशोर रमजान से मिलने के लिए रविवार को एक पाकिस्तानी महिला जबरन बालगृह में घुस गई। रमजान से नहीं मिलने देने पर उसने बालगृह में जमकर हंगामा किया।
उम्मीद बालगृह संचालिका अर्चना सहाय ने बताया कि कुछ दिनों पहले उनके पास पुराने भोपाल में रहने वाले साजिद का फोन आया था। जिनका कहना था कि उनकी एक महिला रिश्तेदार पाकिस्तान से रमजान से मिलने आई हैं। साजिद ने दावा किया था कि महिला रमजान की मौसी है।
संचालिका के मुताबिक जब से रमजान की मां ने भारत आने से मना किया है तब से ही वो काफी गुमसुम रहने लगा है। ऐसे में जब उन्हें पता चला कि उसकी मौसी शहर में हैं तो उन्होंने उसे मिलने की अनुमति दे दी।
हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि साजिद और महिला ने सभी मीडिया वालों को इसकी खबर दे दी है। जिसके बाद बालगृह के वकील ने महिला के वैरिफिकेशन की बात की। जब महिला बालगृह पहुंची तो उसे रमजान से मिलने की इजाजत नहीं दी गई। जिससे नाराज होकर उसने वहां हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख रमजान को तुरंत अंदर के कमरे में शिफ्ट कर दिया गया। इसी दौरान अयोध्या नगर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई।
जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला और साजिद को गिरफ्तार कर लिया। जब संचालिका अर्चना सहाय थाने पहुंची तब तक महिला वहां से जा चुकी थी। पूछने पर पुलिस ने अपनी सफाई में कहा कि महिला की चार बजे की फ्लाइट थी। जिस वजह उन्हें उसे जाने देना पड़ा। बताया जा रहा है कि कराची से आई महिला का रमजान से कोई रिश्ता नहीं था। यहां तक कि वो रमजान की मां को भी नहीं जानती थी। ऐसे में पुलिस अब साजिद से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर महिला क्यों रमजान से मिलना चाहती थी।

Updated : 23 Nov 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top