पोहरी विधायक प्रहलाद भारती की पहल रंग लाई

सबसे अधिक मिलेगा कृषकों को मुआवजा

68 करोड़ में से लगभग 35 करोड़ का मुआवजा पोहरी विधानसभा क्षेत्र के कृषकों में बंटेगा
शिवपुरी। जिले की भले ही तीन तहसीलें शिवपुरी, कोलारस और करैरा सूखाग्रस्त घोषित हुई हो लेकिन सूखे से हुई फसल क्षति के लिए सबसे अधिक मुआवजा पोहरी विधानसभा क्षेत्र के किसानों को मिलेगा। जबकि पोहरी तहसील को राज्य शासन द्वारा सूखा ग्रस्त घोषित नहीं किया गया हैं। जिले के सूखा प्रभावित किसानों को लगभग 68 करोड़ रूपए की राशि वितरण हेतु राज्य शासन ने आवंटित की है जिसमें से पोहरी विधानसभा क्षेत्र के कृषकों को लगभग 35 करोड़ रूपए की राशि मुआवजे के तौर पर मिलेगी। इसके लिए विधायक भारती के प्रयास महत्वपूर्ण रहे हैं जिन्होंने राज्य शासन को विश्वास में लेकर अपने क्षेत्र के कृषकों को सबसे अधिक मुआवजा दिलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुरी जिले की नौ तहसीलें बदरवास, बैराड़, पोहरी, शिवपुरी, कोलारस, पिछोर, खनियांधाना, करैरा और नरवर हैं। इनमें से पांच तहसीलों बैराड़, पोहरी, शिवपुरी, कोलारस और बदरवास के सूखा प्रभावित कृषकों को वितरण हेतु राज्य शासन ने 67 करोड़ 97 लाख 79 हजार 615 रूपए की राशि आवंटित की हैं। पोहरी विधायक प्रहलाद भारती बताते हैं कि उनके विधानसभा क्षेत्र के कृषकों को सबसे अधिक 35 करोड़ रूपए की राशि मुआवजे के तौर पर मिलेगी। बैराड़ के 113 गांवों के 22 हजार 475 सूखा प्रभावित किसानों को 12 करोड़ 93 लाख, 4 हजार 100 रूपए की राशि वितरित होगी।
पोहरी के 138 गांवों के 28 हजार 128 कृषकों को मुआवजे के तौर पर 15 करोड़ 62 लाख 15 हजार 900 रूपए की मुआवजा राशि राज्य शासन ने देने का निर्णय लिया हैं। जिनका वितरण शीघ्र अतिशीघ्र कर दिया जाएगा। श्री भारती बताते हैं कि शिवपुरी तहसील के 204 गांवों के 36 हजार 106 सूखा प्रभावित किसानों को 19 करोड़ 89 लाख 23 हजार 620 रूपए मुआवजा राशि दी जाएगी। उनके अनुसार शिवपुरी तहसील में उनके विधानसभा क्षेत्र की 35 पंचायतें शामिल हैं और उनके क्षेत्र के शिवपुरी तहसील में शामिल कृषकों को मुआवजे के तौर पर लगभग 8 करोड़ रूपए मिलेंगे। इस तरह से पोहरी विधानसभा क्षेत्र को राज्य शासन ने लगभग 35 करोड़ रूपए की राशि सूखा प्रभावित किसानों को वितरण करने के लिए आवंटित की हैं। जिले को आवंटित लगभग 68 करोड़ की राशि के मुआवजे से 701 गांवों के कुल 1 लाख 30 हजार 838 कृषक लाभान्वित होंगे।

विधायक ने मुख्यमंत्री और यशोधरा राजे का व्यक्त किया आभार
पोहरी विधानसभा क्षेत्र के सूखा प्रभावित कृषकों को उचित मुआवजा राशि दिलाने में सहयोग करने हेतु विधायक प्रहलाद भारती ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश सरकार की उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया का आभार व्यक्त किया हैं। श्री भारती ने कहा कि प्रशासन ने पहले सही सर्वे नहीं कराया था। जिससे सूखा प्रभावित फसलों की सही स्थिति सामने नहीं आ पाई थी। लेकिन मेरे अनुरोध पर मुख्यमंत्री और यशोधरा राजे ने प्रशासन पर दुबारा सर्वे कराने के लिए दवाब डाला। जिसके फल स्वरूप उनके क्षेत्र के कृषकों के साथ न्याय हो सका।
कोलारस विस क्षेत्र के कृषकों को मिले 20 करोड़ रूपए
प्रदेश शासन ने शिवपुरी जिले के सूखा प्रभावित किसानों के लिए लगभग 68 करोड़ रूपए की राशि आवंटित की हैं। इनमें से कोलारस विधानसभा क्षेत्र के सूखा प्रभावित कृषकों को लगभग 20 करोड़ रूपए की राशि वितरित की जाएगी। इनमें कोलारस और बदरवास तहसील शामिल हैं। राज्य शासन ने कोलारस को तो सूखा ग्रस्त घोषित किया। जबकि बदरवास को सूखा ग्रस्त घोषित नहीं किया गया। बदरवास तहसील के 49 गांवों के 9 हजार 237 सूखा प्रभावित कृषकों को 6 करोड़ 26 लाख 37 हजार 495 रूपए की राशि राज्य शासन ने मंजूर की हैं। जबकि कोलारस तहसील के 197 गांवों के 36 हजार 106 खातेदारों को 13 करोड़ 26 लाख 98 हजार 500 रूपए की राशि मुआवजे के तौर पर वितरित की जाएगी।
मुआवजे के अलावा कृषकों को अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी
मुआवजे के अलावा सूखा प्रभावित किसानों को राज्य शासन द्वारा तमाम तरह की राहत भी प्रदान की जाएगी। सूखा प्रभावित किसानों की बेटियों के विवाह और निकाय हेतु 25 हजार रूपए की राशि आवंटित की जाएगी और उन पर यह बंधन लागू नहीं होगा कि वे अपनी बेटियों का विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में करायें। इसके अलावा ऋण की बसूली स्थगित रहेगी और उन्हें सोसायटी द्वारा खाद तथा बीज भी मुहैया कराया जाएगा। बताया जाता है कि सूखा प्रभावित किसानों को 1 रूपए मूल्य पर चावल और गेंहू भी कन्ट्रोल दुकान से दिये जाएंगे।

Next Story