प्रदेश में निवेश करेंगे जापान व दक्षिण कोरिया: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री चौहान का स्वदेश वापस आने पर हुआ भव्य स्वागत
भोपाल | जापान और दक्षिण कोरिया की विदेशी यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आपनी विदेशी यात्रा को सफल बताया। मिडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया अभियान से अन्य देशों के साथ-साथ जापान और दक्षिण कोरिया में भारत में निवेश के प्रति आकर्षण बढ़ा है। अपनी दस दिवसीय यात्रा से भोपाल आगमन पर चौहान ने बताया कि निवेशकों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए बिजनेस डेस्क की स्थापना की जाएगी और जल्दी ही दोनों देशों के निवेशकों के लिए प्रदेश में बिजनेस सेमीनार आयोजित किए जाएंगे।
अक्षय ऊर्जा के विकास में सहयोग करेगा जापान
अक्षय ऊर्जा और औद्योगिक, प्रौद्योगिकी विकास संगठन जापान मध्यप्रदेश में अक्षय ऊर्जा के विकास में सहयोग करेगा। इसी प्रकार साफ्ट बैंक लिमिटेड ने सोलर पैनल निर्माण और सोलर पावर में 10 हजार करोड़ के निवेश की रुचि दिखाई है। मिजुहो बैंक ने मध्यप्रदेश में जापान औद्योगिक टाउनशिप को प्रोत्साहित करने और जापानी निवेश आने पर बैंक की शाखा खोलने पर विचार करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फुरूकावा इलेक्ट्रिक कंपनी नवम्बर में मध्यप्रदेश आएगी और निवेश परिदृश्य का अध्ययन करेगी। जापान के उप प्रधानमंत्री ने जापान की लघु और सूक्ष्म उद्योगों पर ध्यान देने का सुझाव दिया। एनआईडीईसी कंपनी की टीम पीथमपुर का भ्रमण करेगी और अपनी इकाई की स्थापना की संभावना का आकलन करेगी। इसी प्रकार मायेकावा निर्माण लिमिटेड कंपनी मंडी बोर्ड के साथ मिलकर फल- सब्जी के लिये प्रदर्शन परियोजना पर विचार करेगी। यह कंपनी शीत गृह निर्माण के क्षेत्र में काम करती है।
मुख्यमंत्री ने दक्षिण कोरिया की यात्रा के संबंध में बताया कि सेमसंग कंपनी की टीम इनोवेशन लैब विकसित करने के उद्देश्य से जल्दी ही भोपाल आयेगी। सिस्को ने सिंहस्थ 2016 में स्मार्ट क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम लागू रखने के लिये अपनी टीम भेजने की सहमति दी है। आईसीसीके कंपनी और ट्रायफेक के साथ लघु एवं मध्यम उदयोगों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा करीब 50 कंपनियों से अलग- अलग चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री की स्टेट हैंगर पर भावभीनी अगवानी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जापान, कोरिया प्रवास से लौटने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्टेट हैंगर पर श्री चौहान की भावभीनी अगवानी की और मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश की सकारात्मक सफल पहल के लिए गरिमामय ढंग से स्वागत किया गया। प्रदेश में खरीफ की फसल क्षति ग्रस्त होने और किसानों पर मौसम की विषमता का कहर बरपने के कारण कार्यक्रम सादगी पूर्ण ढंग से हुआ। सभी किसानों के प्रति संवेदनशील थे। श्री चौहान ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता प्रदेश के किसान भाईयों को मौसमी प्रतिकूलताओं से पहुंची क्षति को देखते हुए राहत का शीतल स्पर्श देना होगा। मौसम ने पहले भी हमारी परीक्षा ली है। राज्य सरकार ने विभिन्न पदों में बारह हजार करोड़ रू.की राहत पहुंचाकर किसानों के आंसू पोछे हैं। किसान हताश न हों। राज्य सरकार चट्टान की तरह किसानों की पीछे खड़ी है।