रामजी ने दिखाई थी समरसता: भार्गव
राज्य कर्मचारी संघ ने मनाया स्थापना दिवस
गुना। भगवान राम ने शबरी के झूठे बेर खाकर और निषादराज को गले लगाकर समरसता का संदेश दिया था। छुआछूत के कारण ही भीमराव जी अंबेडकर को बोध धर्म अपनाना पड़ा। उन्होने संघर्ष कर अपना स्थान बनाया। शहरों में, मेलों में, कुंभ आदि कार्यक्रम में कोई जात-पात नहीं पूंछता, किन्तु ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी यह सामाजिक कुरीति फैली हुई है। हमें अपने कार्य और व्यवहार से समाज में समरसता लाना होगा। तभी सुखद वातावरण का निर्माण हो सकेगा। उक्त उद्गार मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के 38वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रवादी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक चेतन भार्गव ने मुख्य वक्ता के रुप में व्यक्त किए। वन विभाग परिसर में आयोजित कार्यक्रम का प्रारंभ भगवान विश्वकर्मा जी के पूजन एवंदीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। संगठन गीत राजेश शर्मा ने प्रस्तुत किया।
सफाई के लिए मांगा सहयोग
मुख्य अतिथि गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने समरसता हेतु वाणी में मिठास लाने की आवश्यकता पर बल दिया। नपाध्यक्ष राजेन्द्र सलूजा ने कहा कि समरसता का वातावरण नपा में देखने को मिलता है। साथ ही उन्होने सेवा बस्ती के भाई और बहनों को नगर की सफाई में सहयोग कर कचरा एक स्थान पर एकत्रित करने का आव्हान किया। मंचस्थ धर्मस्वरुप भार्गव, वन संरक्षक अजयपाल सिंह, विश्वजीत सिंह सिसौदिया एवं अनिल भार्गव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
सेवानिवृत्तों का सम्मान
इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले महेश श्रीवास्तव, मुरारीलाल शर्मा, विनोद जैन, अशोक त्रिवेदी, जीएस तोमर का सम्मान किया गया। संचालन जिला सचिव रामकृष्ण शर्मा एवं आभार कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह चौहान ने किया। सभा में राजेश श्रीवास्तव, संतोष शर्मा, ओपीएस राजपूत, मनीष भार्गव, आशीष सक्सेना, संतोष सक्सेना, गोविंद शर्मा, राजकुमार रघुवंशी, शंकरलाल अहिरवार, जेपी मुद्गल, शरद श्रीवास्तव, मान सिंह लोधा, पीएल सैनी, रामस्वरुप अग्रवाल, विजय चंदेल आदि मौजूद थे।