जमानत पर छूटे हत्या के आरोपी को गोली मारी
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रैफर, तीन साल पहले की थी हत्या
मुरैना/कैलारस। कैलारस क्षेत्र में बुधवार की दोपहर कोर्ट पेशी पर जा रहे एक वृद्ध को गोली मार दी गई। वृद्ध तीन साल पहले हुए दोहरे हत्याकाण्ड के मामले में आरोपी था, और दस दिन पूर्व ही जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में पांच लोगों को नामजद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कैलारस क्षेत्र के ग्राम नयागांव निवासी रामस्वरूप त्यागी पुत्र नारायण सिंह त्यागी 70 साल हत्या के मामले में कोर्ट पेशी के लिए बुधवार की दोपहर अपने पुत्र के साथ सबलगढ़ जा रहा था। दोनों पिता-पुत्र बाइक पर सवार थे। तभी सैमई के पास एमएस रोड पर सिकरवार फॉर्म हाउस के सामने मार्शल जीप में सवार होकर आधा दर्जन लोग पहुंचें। उन्होंने बाइक सवार पिता-पुत्र पर फायरिंग कर डाली। गोली रामस्वरूप के कंधे में लगी और वह जख्मी हो कर जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान हमलावर मार्शल में सवार होकर मौके से भाग निकले। कैलारस पुलिस को वारदात की सूचना देकर पुत्र ने रामस्वरूप को कैलारस अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। पुलिस ने गोली मारकर हत्या की कोशिश करने वाले द्वारिका त्यागी, वीरेन्द्र त्यागी, मनोज त्यागी, प्रवीण त्यागी, अवनीश त्यागी के खिलाफ धारा 307 का मामला दर्ज कर लिया है।
तीन साल पहले हुए दोहरे हत्याकांड में आरोपी है रामस्वरूप
पुलिस के अनुसार वारदात पुरानी रंजिश को लेकर हुई है। तकरीबन तीन साल पूर्व नयागांव में हुए दोहरे हत्याकाण्ड के मामले में रामस्वरूप आरोपी है। दस दिन पूर्व ही वह जमानत पर जेल से छूटकर घर पहुंचा था।