दिग्गजों के परिजन लगा रहे हैं दांव
जिला पंचायत के लिए सजने लगा अखाड़ा
ग्वालियर,विशेष संवाददाता। जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में चुनावी अखाड़ा सजने लगा है। अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने से पहले सदस्य बनने के लिए दिग्गजों के परिजन भी दांव आजमा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमादेवी और उनक ा पुत्र मनोज गुर्जर भी चुनाव मैदान में डट गए हैं। वहीं संगीता शर्मा (कैला दुबे) टेकनपुर ने वार्ड 12 से नामांकन दाखिल करके सबको चौंका दिया है।
संगीता शर्मा पत्नी प्रकाश शर्मा ने मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर सहायक निर्वाचन अधिकारी तरुण भटनागर के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। श्रीमती शर्मा, राजा शर्मा (अविनाश) टेकनपुर की मां और रश्मि पवार शर्मा की सास हैं। भाजपा के पूर्व विधायक बृजेन्द्र तिवारी के भाई गोपाल तिवारी ने वार्ड छह से नामांकन दाखिल किया है। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सोलंकी के बेटे बंटी सोलंकी भी यहां से किस्मत आजमा रहे हैं। इसी वार्ड से कांग्रेस विधायक लाखन सिंह के भतीजे संजय सिंह यादव अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष भी मैदान में
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमादेवी पुन: एक बार अध्यक्ष बनने के लिए अपना भाग्य आजमा रहीं हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक रामवरण सिंह की पत्नी प्रेमादेवी ने वार्ड क्रमांक चार से अपना नामांकन दाखिल किया है। जबकि उनके बेटे मनोज सिंह गुर्जर वार्ड क्रमांक तीन से चुनाव मैदान में हैं। इस वार्ड से एक अन्य कांग्रेस नेता साहब सिंह गुर्जर के भी चुनाव मैदान में डटने से मुकाबला रोचक हो गया है।
आज है नामांकन भरने का अंतिम दिन
त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के तहत नामांकन पत्र जमा करने की बुधवार को अंतिम तिथि है। सुबह 10.30 बजे से अपरान्ह तीन बजे तक नामांकन जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच का काम आठ जनवरी और नाम वापसी की तारीख 10 जनवरी रखी गई है। जिले में पंचायत चुनाव दूसरे और तीसरे चरण में होना है। दूसरे चरण में 31 जनवरी को जनपद पंचायत मुरार की सभी 60 व भितरवार जनपद की सभी 82 पंचायतों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसी तरह तीसरे चरण में 19 फरवरी को घाटीगांव की सभी 46 तथा डबरा की सभी 68 पंचायतों के लिए वोट डाले जाएंगे। उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 256 पंचायतें हैं।