पिछोर, कोलारस में कांग्रेस करैरा में भाजपा का उपाध्यक्ष

शिवपुरी। नगर पंचायत का प्रथम सम्मेलन सोमवार को पिछोर, कोलारस और करैरा में आयोजित किया गया। सम्मेलन में उपाध्यक्ष पद का चुनाव हुआ। जहां पिछोर में कांग्रेस के वीरेन्द्र आदिवासी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। वहीं कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी कुशवाह ने भाजपा प्रत्याशी को पराजित कर उपाध्यक्ष की कुर्सी पर अपना कब्जा जमा लिया, जबकि करैरा में भाजपा के नरेश गुप्ता निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए हैं।
नगर पंचायत करैरा में अध्यक्ष पद पर भाजपा के कोमल साहू निर्वाचित हुए थे। यहां से कांग्रेस का एक भी पार्षद विजयी नहीं हुआ था। इससे यह तय लग रहा था कि भाजपा जिसे चाहेगी, उसे ही उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। यहां उपाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार चुनने के लिए पार्टी के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, संगठन मंत्री श्याम महाजन, जिला महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा गुरु करैरा पहुंचे। कोलारस नगर पंचायत में कांग्रेस के मात्र दो पार्षद हैं, जबकि भाजपा के पास छह, बहुजन समाज पार्टी का एक और छह निर्दलीय पार्षद हैं।
बताया गया है कि तीसरी बार चुनकर आए रविन्द्र शिवहरे ने अपनी कुशल चुनावी रणनीति से वार्ड नम्बर 12 से पार्षद चुनी गईं अपनी पार्टी की लक्ष्मी कुशवाह को 12 मत दिलाकर उपाध्यक्ष बनवा दिया, लेकिन भाजपा की रत्ना जाटव के पक्ष में मात्र तीन मत ही पड़े, जबकि भाजपा के छह पार्षद हैं।