Home > Archived > न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी एकदिवसीय मैच में नहीं खेल पाएंगे हेराथ

न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी एकदिवसीय मैच में नहीं खेल पाएंगे हेराथ

नई दिल्ली। श्रीलंका के स्पिनर रंगना हेराथ न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरूवार को यहां होने वाले सातवें और आखिरी एकदिवसीय मैच में नहीं खेल पाएंगे। हेराथ परिवार में किसी के अस्वस्थ हो जाने के कारण स्वदेश लौटेंगे। उनके तीन फरवरी के आसपास न्यूजीलैंड वापस लौटने की संभावना है। श्रीलंका को इसके बाद नौ फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप का अभ्यास मैच खेलना है। रिपोर्ट के अनुसार कप्तान एंजेलो मैथ्यूज का पिंडली के दर्द से उबर जाने के बावजूद आखिरी एकदिवसीय में खेलना संदिग्ध है। मैथ्यूज जुकाम से पीड़ित हैं और उन्होंने कल टीम के साथ अभ्यास नहीं किया था। वह चोट के कारण पिछले दो एकदिवसीय में नहीं खेल पाये थे। इस बीच लेसिथ मालिंगा मैच फिटनेस हासिल करने के करीब पहुंच गये हैं और संभवत: वह विश्व कप के अभ्यास मैचों के लिये उपलब्ध रहेंगे। श्रीलंका वर्तमान श्रृंखला में अभी 1-4 से पीछे चल रहा है। विश्व कप में वह अपना पहला मैच 14 फरवरी को न्यूजीलैंड से खेलेगा।

Updated : 27 Jan 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top