बालिकाएं लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें: माया सिंह

ग्वालियर। महिलाएं अब हर चुनौतीपूर्ण दायित्व को बखूब ढंग से निभा रही हैं। एवरेस्ट फतेह हो, देश की सीमा की रक्षा हो, खेल का मैदान हो मीडिया जगत हो या फिर आर्थिक क्षेत्र। सभी जगह महिलाओं ने अपवनी सफलता के झण्डे गाढ़े हैं। इसलिए बालिकाएं अपने को कम न समझें और लक्ष्य निर्धारित कर जीवन पथ पर आगे बढ़ें। यह बात महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मायासिंह ने कही। श्रीमती सिंह गुरुवार को शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उ.मा. विद्यालय मुरार के वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह को सम्बोधित कर रही थीं।
इस अवसर पर श्रीमती सिंह ने विद्यालय के लिए पुस्तकालय व फर्नीचर का इंतजाम कराने का भरोसा भी स्कूल प्रबंधन को दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा में संसाधनों की कमी नहीं आने देगी। उन्होंने विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों की भी सराहना की। श्रीमती सिंह ने बिन मां-बाप की बिटिया शिवानी तोमर को गोद लेकर पढ़ाने वाली विद्यालय की शिक्षिका नीता भटनागर की भी सराहना की। वहीं स्थानीय पार्षद धमेन्द्र राणा ने विद्यालय के सांस्कृतिक मंच को भव्य बनाने और यहां की विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मोहर सिंह सिकरवार, समाजसेवी राहुल श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मुख्य अतिथि श्रीमती सिंह ने मेधावी छात्राओं तथा विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर, राहुल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा अर्चना से हुआ। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। छात्राओं द्वारा सामूहिक नृत्य,एकल नृत्य-देशभक्ति गीत आदि की प्रस्तुति दी गई। स्वागत भाषण कार्यक्रम संयोजिका स्मृति शर्मा ने दिया। बार्षिक प्रतिवेदन प्राचार्य घनश्याम त्यागी द्वारा प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा एन.एस.एस. व एन.सी.सी. परीक्षा ईको क्लब में प्रथम, द्वतीय, तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन कीर्ति पंत ने किया। आभार व्यक्त अरविंद खरे ने किया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित था। 

Next Story