जम्मू्-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, सैंकड़ों यात्री व वाहन मार्ग में हैं फंसे
X
जम्मू। जम्मू कश्मीर में बारिश, बाढ़ व भूस्खलन ने यहां एक ओर भारी तबाही मचाई हैं वहीं सड़कों के घंसने के कारण आज लगातार दसवें दिन भी जम्मू.श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बंद है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों वाहन फंसे हैं। चार सितंबर को विभिन्न स्थानों पर आई बाढ़ के कारण भूस्खलन और सड़कों के बह जाने से 300 किलोमीटर लंबे इस अति महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात बंद किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बनिहाल, रामबन, बटोत, कुद, पटनीटॉप, चेनानी, उधमपुर और जम्मू में राजमार्ग पर सैकड़ों यात्री एवं व्यावसायिक वाहन फंसे हैं।
सीमा सड़क संगठन ने राजमार्ग को ठीक करने के अभियान तेज किया हुआ है परन्तु भूस्खलन से बार-बार मार्ग पर पस्सियां गिर जाने से इस कार्य में देरी हो रही है। इसके बावजूद बीआरओ अपने कर्मियों और मशीनों द्वारा राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्यरत है। बीआरओ अधिकारियों ने राजमार्ग पर यातायात बहाल करने पर अपना ध्यान केंद्रित किया है ताकि सड़क मार्ग के जरिए ज्यादा से ज्यादा राहत सामग्रियों को पहुंचाया जा सके।