असम-नगालैंड सीमा विवाद, गोलाघाट जिले में भारी तनाव

गोलाघाट | उपरी असम के गोलाघाट जिला के असम-नगालैंड सीमा विवाद को लेकर आज 12 दिन भी भारी तनाव व्याप्त है। अपनी सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे असम के सीमाई लोगों पर बीते कल जिले के रंगाजान इलाके में पुलिस ने जमकर लाठी भांजी, जिसमें काफी संख्या में लोग घायल हुए। जिसके चलते आज सुबह से पूरे जिले में भारी विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रशासन ने पूरे इलाके में असम पुलिस, असम पुलिस बटालियन, सीआरपीएफ समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सुरक्षा के मद्देनजर तैनात किया है। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है।
उल्लेखनीय है कि जिले के उमरियामघाट में नगा आतंकी संगठन एनएससीएन ने गोलीबारी कर जहां 11 असमिया लोगों की निर्मम हत्या कर दी, वहीं एक दर्जन से अधिक गांवों में आग लगा दी। उसके बाद ही इलाके में भारी विरोध प्रदर्शन आरंभ हो गया। विपक्षी पार्टियों ने जहां असम सरकार की इसे विफलता करार दिया है, वहीं सरकार इसके पीछे विपक्षी पार्टियों का हाथ बता रही है।
बीते कल जिले के रंगाजान में प्रदर्शनकारियों पर पुलिसिया बर्बरता के विरोध में आज रंगाजान में स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर टायर जलाकर, पेड़ गिराकर यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। वहीं बाधा पहुंचाने आई पुलिस की एक टुकड़ी को लोगों ने पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया। साथ ही एक पुलिस के वाहन व एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया। लोगों ने कहा कि जब तक असम की भूमि को नगा आतंकियों से पूरी तरह से सुरक्षा नहीं मिल जाती तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। इस घटना का विरोध करते हुए नुमलीगढ़ स्थित एनआरएल रिफाइनरी में आज श्रमिकों ने काम बंद कर दिया। पूरे जिले में इस घटना को लेकर बंद का माहौल व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि रंगाजान इलाके में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आज भी हल्का बल प्रयोग किया। जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई है।

Next Story