राज्यपाल के जाने की चर्चा तेज,खंडूड़ी बन सकते है राज्यपाल

देहरादून। राज्य के राजनीतिक जगत में इस समय दो चर्चाएं चरम पर है। पहली प्रदेश के राज्यपाल डा. अज़ीज कुरैशी के उनके पद से हटाए जाने की और दूसरी पौड़ी गढ़वाल से भाजपा सांसद मेजर जनरल (रिटायर्ड) बीसी खंडूड़ी के किसी राज्य के राज्यपाल बनाए जाने की। हालांकि अभी तक दोनों चर्चाओं में किसी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रदेश में व्याप्त चर्चाओं के अनुसार राज्यपाल अज़ीज कुरैशी के उत्तर प्रदेश के प्रभार के दौरान कई सालों से लटके आजम खान के विश्वविद्यालय के मामले को निपटाने को वहां के भाजपा नेताओं ने कड़ाई से लिया है। यूपी भाजपा के नेताओं ने इसके विरोध में केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से इसकी शिकायत की है। कार्यकर्ताओं के दबाव के चलते राजनाथ काफी दबाव में माने जा रहे है। माना जा रहा है कुरैशी को इस शिकायत का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है और उनसे इस्तीफा मांगा जा सकता है। राजभवन के सूत्रों के अनुसार गवर्नर अचानक दिल्ली जा रहे है। इस दौरे के दौरान उन्हें हटाए जाने पर निर्णय हो सकता है।
उधर मई माह में हुए लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड राज्य में ऐतिहासिक सफलता पाने के बाद भी मोदी मंत्रिमंडल में प्रदेश के किसी सांसद को स्थान न मिलने की कमी को दूर करने के लिए भाजपा आलाकमान प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद बीसी खंडूड़ी को राज्यपाल बनाने पर विचार कर रही है। जल्द ही खंडूड़ी किसी प्रदेश की राजभवन को शोभा बढ़ाते नजर आए तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। वैसे प्रदेश में एक अन्य भाजपा वरिष्ठ नेता मोहन सिंह रावत गांववासी को भी राज्यपाल के पद से नवाजे जाने की चर्चा जोरों पर है। 

Next Story