Home > Archived > ज्योतिर्गमय

ज्योतिर्गमय

नेतृत्व

इस संसार में दो तरह के लोग होते हैं। एक वे होते हैं जो किसी के बनाए मार्ग पर चलते हैं। दूसरे वैसे लोग होते हैं जो अपना मार्ग स्वयं बनाते हैं। हमारे देश में ऐसे अनेक महापुरुष हुए हैं जिन्होंने किसी का अनुकरण नहीं किया, उन्होंने अपना मार्ग स्वयं बनाया। अनुकरण करने वाला व्यक्ति कभी इतिहास पुरुष नहीं बनता। आज इस देश को ऐसे बच्चों की आवश्यकता है जो अपने कार्यो, विचारों और संस्कारों से समाज का नेतृत्व कर सकें। भगवान कृष्ण ने गीता में अठारह अध्यायों में उपदेश दिया। अब ऐसे कृष्ण की आवश्यकता है, जो एक और गीता लिख सके। वही व्यक्ति राष्ट्रपुरुष बन सकता है। ऐसे व्यक्ति समाज में तभी पैदा होंगे, जब शुरू से हम अपने बच्चों को जीवन से प्यार करना सिखाएं।
जीवन से हताश, निराश और दुखी व्यक्ति कभी कोई सफलता प्राप्त नहीं करता। हमेशा प्रसन्न रहने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफलता प्राप्त करता है। जो लोग हिमालय के शिखर पर चढ़ते हैं, समुद्र की गहराई मापते हैं, चांद-तारों की यात्रा करते हैं, वे लोग भी मनुष्य ही हैं, लेकिन वे अपने जीवन से प्रेम करते हैं। उनके जीवन में आकर्षण है। तभी वे इतने बड़े-बड़े काम पूरा करते हैं। आज समाज में वैसे ही लोगों की आवश्यकता है जो नया इतिहास बना सके। जो वीर पुरुष होते हैं वही अपने कदमों के निशान बनाते हैं और जो व्यक्ति असंभव काम को भी पूरा कर लेता है वही व्यक्ति राष्ट्रपुरुष बनता है, लेकिन ऐसा वही कर सकता है जिसे अपने जीवन से मोह हो, इसलिए हमें अपने जीवन से प्रेम करना सीखना चाहिए। तभी हमारा जीवन सफल माना जाएगा। अंतत: ध्यान रखना चाहिए कि भविष्य के द्वार पर दस्तक आपको ही देना है, अपने कदमों की आहट से इतिहास नया बनाना है। जो व्यक्ति जीवन में शीर्ष स्थान पाना चाहता है उसे अपना मार्ग स्वयं बनाना पड़ता है। शायद इसलिए कहा गया है कि महापुरुष अपने कदमों के निशान स्वयं बनाते हैं। दूसरे की नकल करके जीवन में सफलता नहीं मिलती। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना मार्ग स्वयं बनाना पड़ता है। नदी जब हिमालय से चलती है तो वह स्वयं अपना मार्ग बनाती चलती है। इसलिए मनुष्य को अपना कर्म और दायित्व स्वयं निर्धारित करना चाहिए और उसी पर चलना चाहिए। यही जीवन जीने की कला है, क्योंकि जब जीवन हमारा है, तो इसका संरक्षण और विकास हमें स्वयं करना होगा। 

Updated : 24 July 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top