183 अंकों की बढ़त पर बंद हुआ शेयर बाजार

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में 183.75 अंकों की तेजी के साथ 25580.21 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में यह बढ़त .70 फीसद की रही। इस दौरान बजाज ऑटो, कोल इंडिया, एल एंड टी के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। शेयर बाजार के बंद होते समय निफ्टी भी 7600 के पार 7673.70 पर था। इसमें करीब 71 अंकों की बढ़त देखी गई। यह बढ़त करीब .94 फीसद की थी।
आज सुबह से ही शेयर बाजार में तेजी का दौर कायम रहा। बाजारों ने जोश के साथ धमाकेदार शुरुआत की है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों रिकॉर्ड स्तरों पर खुले हैं। निफ्टी ने 7600 का स्तर भी तोड़ दिया है। सेंसेक्स 25500 के पार पहुंचा है।
उधर, एशियाई बाजारों में निक्केई 3 महीने की ऊंचाई पर पहुंचा है। हैंग सैंग 0.75 फीसदी मजबूत है। शंघाई कंपोजिट और ताइवान इंडेक्स में 0.25 फीसद की बढ़त है। इससे पहले शुक्रवार को बेहतर जॉब रिपोर्ट की वजह से अमेरिकी बाजारों में 0.5 फीसदी की तेजी आई। डाओजोंस और एसएंडपी 500 लाइफ हाई पर बंद हुए। इस रिपोर्ट के मुताबिक लेबर मार्केट में सुधार के संकेत हैं।