बदायूं पहुंचे पासवान, केंद्रीय मंत्रिमंडल में उठायेंगे मामला

बदायूं पहुंचे पासवान, केंद्रीय मंत्रिमंडल में उठायेंगे मामला
X

बदायूं। लोक जनशक्ति पार्टी के मुखिया और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान भी आज बदायूं पहुंचे। वह अपने बेटे चिराग पासवान के साथ सीधे गैंगरेप पीड़ितों के घर गये और उनके परिजनों से मिले। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए पासवान ने कहा कि वह इस मामले को मंत्रिमंडल में उठायेंगे।
पासवान ने सूबे की सपा सरकार से पूछा कि इस जघन्य अपराध के बाद भी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बदायूं क्यों नहीं आये ? उन्होंने कहा कि वह आज होने वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस मुद्दे को उठायेंगे।
गौरतलब है कि बदायूं में पिछले दिनों दो नाबालिग बहनों का गैंगरेप करके उनके शव को पेड़ से टांग दिया गया था। राज्य सरकार ने इस घटना की सीबीआई द्वारा जांच कराने की सिफारिश की है।
फिलहाल इस घटना पर सियासत तेज हो गई है। शनिवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी बदायूं पहुंचे थे। कल बसपा सुप्रीमो मायावती, कांग्रेसी नेता मीरा कुमार व बदायूं से सांसद धर्मेंद्र यादव भी यहां पहुंचे थे।
प्रदेश की सपा सरकार इस मामले में इस समय चारों तरफ से घिर गई है। भाजपा और बसपा तो महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से इस्तीफा तक मांग लिया है।

Next Story