Home > Archived > यशवंत सिन्हा ने मानी आडवाणी की बात, ली जमानत

यशवंत सिन्हा ने मानी आडवाणी की बात, ली जमानत

यशवंत सिन्हा ने मानी आडवाणी की बात, ली जमानत
X

हजारीबाग | भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की जेल में यशवंत सिन्हा से मुलाकात के बाद उन्होंने एक स्थानीय अदालत से जमानत ली। बिजली संकट के मामले में गिरफ्तार किए जाने पर जमानत लेने से इंकार करने वाले सिन्हा को लगभग 15 दिन जेल में बिताने पड़े।
सिन्हा के वकील अनिल कुमार सिन्हा और राज कुमार राजू द्वारा जमानत याचिका पेश किये जाने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आरबी पाल ने जमानत मंजूरी कर ली। हजारीबाग स्थित सरकारी कार्यालय में कथित अभद्र व्‍यवहार के मामले में सिन्हा बीते तीन जून से न्यायिक हिरासत में थे।
सिन्हा से जेल में मुलाकात करने के बाद आडवाणी ने कहा था कि सिन्हा को जमानत लेकर जेल से बाहर आना चाहिए और झारखंड में बिजली संकट के खिलाफ भाजपा द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का नेतृत्व करना चाहिए।
उन्होंने कहा था कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद मुख्यमंत्री बनने के लिए सिन्हा बिल्कुल सही व्यक्ति हैं। सिन्हा और उनके कुछ समर्थकों को बीते दो जून को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया था, जब हजारीबाग शाखा के जेएसईबी के महाप्रबंधक धनेश झा ने यह कहते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उन लोगों ने झा के कार्यालय के पास प्रदर्शन करते हुए उन्हें बांधने का प्रयास किया।
अगले दिन इन सभी ने जमानत लेने से मना कर दिया तो अदालत ने इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जब इन्होंने 16 जून को भी जमानत के लिए अर्जी नहीं दी, तो अदालत ने इनकी हिरासत 28 जून तक बढ़ा दी।
12 जून को भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन और राजीव प्रताप रूडी ने भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की ओर से सिन्हा से आग्रह किया था कि वे जमानत ले लें और राज्य में पार्टी के आंदोलन का हिस्सा बनें। सिन्हा के अलावा, उनके सभी समर्थकों को भी जमानत मिल गई।

Updated : 18 Jun 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top