राष्ट्रपति का अभिभाषण श्रेष्ठ व सशक्त: भदौरिया
भिण्ड। भाजपा जिलाध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने 16वीं लोकसभा में व्यक्त राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के अभिभाषण को एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण का संकल्प बताया है, सबका साथ सबका विकास राष्ट्र को संवारने और देश की 125 करोड़ जनता को खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ाने का ऐसा अनुष्ठान है जिसमें देश की संपदा पर गरीब का पहला अधिकार होगा और उसे निर्धनता से मुक्ति का सफर आसान होगा, गांव, गरीब और किसान की हालत सुधारने व स्वच्छ भारत का मिशन अगले पांच वर्षों में पूर्ण करके महात्मा गांधी की कल्पना के अनुसार देश को महान भारत की गरिमा प्रदान करने की प्रतिबद्धतापूर्ण करने में जुटना होगा। यह राष्ट्रपिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के समान प्रधानमंत्री ग्रामीण सिंचाई योजना के क्रियान्वयन से जहां हर खेत की प्यास बुझाई जाएगी। वहीं नए कृषि शिल्प के विकास, निजी और सार्वजनिक निवेश आधुनिक प्रौद्योगिकी के खेती में प्रदेश से देश में कृषि लाभकारी व्यवसाय बनेगा, जिससे देश के अन्नदाता की बेहतरी, खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गठित भाजपा की केन्द्र सरकार ने जहां आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने के उपायों को करने का फौलादी संकल्प व्यक्त किया है वहीं राष्ट्रपति के अभिभाषण में पास-पड़ोस के देशों से आपसी भाईचारे के साथ बराबरी के स्तर पर साझेदारी का संकल्प भी व्यक्त किया है जिससे शांति और विकास का पर्यावरण आहत न हो। जीवन गतिशील भारत के निर्माण के लिए देश के युवाओं को हुनर, कौशल वृद्धि के लिए शैक्षणिक संस्थाओं आईआईटी, आईआईएम जैसे अकादमिक संस्थानों के विस्तार की योजना पर तेजी से अमल होगा। वहीं हुनर और कौशल को अकादमिक समानता मिलेगी। हुनरमंद भरत के लिए नेशनल मल्टी स्किल मिशन का विस्तार किया जाएगा। राज्यों के साथ संघवाद का दर्जा, सहयोग के साथ त्वरित विकास के अवसर सुलभ करने की मानसिकता व्यक्त की गई है।
राष्ट्रपति के अभिभाषण में सैनिकों की गरिमा व सम्मान व्यक्त करते हुए पूर्व सैनिक आयोग के गठन का इरादा व्यक्त करते हुए देश के प्रहरियों का सम्मान व्यक्त किया गया है। अभिभाषण में साफ-सुथरा प्रशासन, जनजातीय क्षेत्रों में वन बंधु कल्याण योजना, महिला सशक्तिकरण के साथ 33 प्रतिशत आरक्षण, आम आदमी को नेशनल हेल्थ इंश्योरेंस का कवर सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।
वक्तव्य जारी करने वालों में सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यमंत्री लालसिंह आर्य, पूर्व सांसद अशोक अर्गल, विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, चौ. मुकेश सिंह चतुर्वेदी, पूर्व विधायकों में रसाल सिंह, चौ. राकेश सिंह चतुर्वेदी, अरविंद सिंह भदौरिया, मुन्नासिंह भदौरिया, राकेश शुक्ला, श्रीराम जाटव, पूर्व मंत्री डॉ. राजेन्द्र प्रकाश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्षों में अवधेश सिंह कुशवाह, रविसेन जैन, वीरेन्द्र राणा, राजेन्द्र शर्मा राजे, कोकसिंह नरवरिया आदि प्रमुख हैं।