अवैध खनन ढोते डेढ़ दर्जन से अधिक वाहन सीज

प्रशासनिक सख्ती से अवैध खनन करने वालों में रहा हड़कम्प

झांसी। जनपद में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आज पुलिस, एस डी एम, व परिवहन विभाग के अधिकारियों ने डेढ़ दर्जन से अधिक वाहनों को सीज कर दिया है। तमाम अवैध खनन ढोने वाले ट्रैक्टर, डम्पर व ट्रेकों का चालान किया गया है। प्रशासन की सख्ती के चलते आज अवैध खनन करने वाले मुख्य सड़क से दूर भागते दिखायी दिये लेकिन प्रशासन ने इनका पीछा करके उनको सीज किया। झांसी,मोंठ, पूंछ में चले इस अभियान से अवैध खनन करने वालों में हड़कम्प मचा रहा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आर के सिंह ने बताया कि पत्थर व गिट्टी अवैध रूप से ढोते हुये चार ट्रक व एक डम्पर को बड़ागांव के पास सीज किया गया है। तीन ट्रैक्टर, ट्राली समेत व एक ट्रैक्टर को कोतवाली पुलिस ने सीज किया है। उन्होंने बताया कि 10 से अधिक वाहनों को मोंठ व पूंछ के एस डी एम व सीओ ने अवैध रूप से खनन कर ढोते हुये सीज किया है। मालूम हो की जिलाधिकारी लाल बिहारी पांडे ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के कल निर्देश दिये थे। साथ ही यह भी कहा था कि सभी अधिकारी अवैध खनन को रोकने के लिये चैकिंग करने में जुट जायें उनके निर्देश का आज सड़कों पर असर दिखायी दिया व अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी गयी। उधर जनता का कहना है कि गरौठा व मऊरानीपुर,बबीना क्षेत्र में अभी भी अवैध खनन ढोने वाले सक्रीय हैं। इनके खिलाफ भी सख्त अभियान जरूरी है।

Next Story