आसमान से बरसी आग, पारा 45 पर

श्योपुर। नौतपे की गर्मी ने जनजीवन का हाल बेहाल कर रखा है। लोग जहां घरों में दुबकने को मजबूर है, वहीं जीव जंतु भी छांव का सहारा ढूंढ रहे हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 30.4 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। नौतपा के सातवें दिन शनिवार सुबह से ही हल्के बादलों के बीच सूरज की तपिश ने धरती को तपाना शुरू कर दिया। साथ ही गर्म हवा ने रही- सही कसर पूरी करते हुए वातावरण को भट्टी बनाने का काम किया। लगभग 11 बजे तक आग उगलती गर्मी से लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर होने लगा। जरूरी काम होने पर ही लोग अपने घरों से पूरी तरह से ढंककर निकले। नौतपे में तापमापी पारा 45 डिग्री के आसपास टिका हुआ है, वहीं रात का तापमान उछाले मार रहा है। जिससे लोगों की रात की नींद भी उड़ गई है। बेतहाशा गर्मी से कूलर भी नाकारा साबित होने लगे हैं।