बदायूं कांड के पांचों आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। सरकार की फजीहत कराने के बाद सक्रियता दिखाते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने बदायूं के उसैहत क्षेत्र में नाबालिग दो बहनों की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में तीन अन्य आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पांच लोग नामजद थे, जिनमें तीन आरोपी पहले ही जेल भेजे गए हैं। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी क्षेत्र में काफी तनाव है। आज कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी का भी घटनास्थल पर आने का कार्यक्रम है। राहुल करीब 12:30 बजे पहुंचेंगे।इस मामले में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सख्त तेवर के बाद आरोपी दो पुलिसकर्मियों को कल बर्खास्त किया गया था। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजने का आदेश दिया था। आरोपी मुख्य आरक्षी छत्रपाल व सिपाही सर्वेश यादव को बर्खास्त कर दिया गया। पुलिसकर्मियों की यह बर्खास्तगी नियमावली आठ दो (ख)के तहत की गयी। यह सूक्ष्म जांच के बाद फैसला लिया गया।