बदायूं गैंगरेपः गृहमंत्री ने स्थिति का लिया जायजा

बदायूं गैंगरेपः गृहमंत्री ने स्थिति का लिया जायजा
X

नई​ दिल्ली। बदांयू में दो किशोरियों की सामूहिक बलात्कार के बाद फांसी देकर हत्या करने के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार फंसती नजर आ रही है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज उत्तर प्रदेश के बदायूं में स्थिति का जायजा लिया। यहां दो किशोरियों के साथ बलात्कार कर उनकी हत्या कर दी गयी थी। सरकारी सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने राजनाथ सिंह को इस बर्बर घटना के बारे में बताया। गृह मंत्री को बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सूचित किया है कि अपराध में शामिल कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सभी दोषियों को दंडित किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने घटना का ब्यौरा देते हुए एक रिपोर्ट भी गृह मंत्रालय को भेजी है। गृह मंत्रालय के अधिकारी उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों के नियमित संपर्क में हैं और प्रदेश के अधिकारियों से कहा गया है कि वे सुनिश्चित करें कि घटना में शामिल लोग जल्द से जल्द गिरफ्तार हों।
मेनका गांधी ने इस घटना के लिए प्रदेश की पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पुलिस की शिथिलता के कारण ही दो दलित किशोरियों के साथ इतनी बर्बर घटना हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस अब भी सही कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा वरदात में जो भी पुलिसकर्मी शामिल थे उनको बर्खास्त करना चाहिए। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पीडित किशोरियों का परिवार चाहे तो सरकार सीबीआई से जांच की इसकी सिफारिश कर सकती है।
बसपा सुप्रिमों मायावाती ने भी सरकार से इस घटना की जांच सीबीबाई से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से यह घटना हुई वह प्रदेश सरकार के मुंह पर करारा तमाचा है। उन्होंनें कहा कि बदायूं की दुष्कर्म मामले घटना के बाद जनता में सरकार के खिलाफ काफी रोष है। सूबे की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। राज्यपाल को इस पूरे मामले को ध्यान में रखकर सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश तत्काल राष्ट्रपति के पास भेज देनी चाहिए।
गौरतलब है कि बदायूं जिले में दो चचेरी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर फांसी देकर मार डालने का मामला सामने आने के बाद प्रदेश सरकार पर चौतरफा हमले हो रहें हैं। वहीं सरकार ने इस घटना के बाद संबंधित कटरा पुलिस चौकी के प्रभारी राम विलास यादव, सिपाही सर्वेश यादव और छत्रपाल यादव को निलंबित कर दिया गया था। सर्वेश और छत्रपाल के खिलाफ वारदात की साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा तीन सगे भाइयों पप्पू यादव, अवधेश यादव और उर्वेश यादव समेत पांच अन्य पर बलात्कार तथा हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में मुख्य आरोपी पप्पू, उसके भाई अवधेश तथा सिपाही सर्वेश को गिरफ्तार किया जा चुका है।


Next Story