पुंछ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकवादी ढेर

पुंछ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकवादी ढेर
X

जम्मू | सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की एक कोशिश नाकाम करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। सेना ने इस महीने दूसरी बार घुसपैठ की कोशिश नाकाम की है।
सेना और आतंकवादियों के बीच शुक्रवार रात हुई गोलीबारी में एक जवान भी घायल हो गया। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि पुंछ जिले के कलसिया में नियंत्रण रेखा से पास चार आतंकवादियों के समूह को भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते देखा गया।
सैन्य बलों ने आतंकवादियों को रोकने की कोशिश की जिसके बाद उन्होंने बलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आतंकवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं और तलाशी अभियान जारी है। इससे पहले सैन्य बलों ने 3 मई को पुंछ जिले के सावजियन इलाके में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश नाकाम की थी।
सैन्य अधिकारी ने बताया कि उन्हें आतंकवादियों के भारत में घुसपैठ की कोशिश करने की सूचना मिली थी और पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी शायद एक चाल थी। अधिकारी ने कहा कि उन्होंने भारतीय चौकियों पर गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया ताकि वे इसकी आड़ में घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों पर से सैन्य बलों का ध्यान भटका सकें। नियंत्रण रेखा के पास पिछले पखवाड़े में चार बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया है। पाकिस्तानी बलों ने पांच मई को राजौरी जिले के भीम्बर गली इलाके में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर स्वचालित हथियारों से गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। उन्होंने तीन मई को पुंछ जिले के मेंढर में भी नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ था। इससे पहले पाकिस्तानी बलों ने 28 अप्रैल को राजौरी जिले के भीम्बर गली इलाके में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर छोटे एवं स्वचालित हथियारों से गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। पाकिस्तानी सेना ने 25 अप्रैल को भी पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास डोडा बटालियन इलाकों में भारतीय चौकियों पर छोटे हथियारों और मोर्टार से हमला करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।

Next Story