राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर संप्रग कमजोर : जेटली

राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर संप्रग कमजोर : जेटली
X

नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी के नेता अरुण जेटली ने शनिवार को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर कमजोर होने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने रक्षा मंत्रालय को दिशाहीन करार दिया।
जेटली ने अपने ब्लॉग में लिखा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर संप्रग सरकार की कमजोर नीतियों ने उन लोगों की मानसिकता को प्रभावित किया है जो राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिक मुद्दा मानते हैं।
उन्होंने कहा, "भू-राजनैतिक वास्तविकता हमें यह विश्लेषण करने के लिए मजबूर करती है कि भविष्य में किसी तरह की आक्रामकता पाकिस्तान और चीन की धुरी बना सकती है।"
जेटली ने कहा कि ए.के. एंटनी के नेतृत्व में रक्षा मंत्रालय दिशाहीन है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, "हमारी रक्षा खरीद और तैयारी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। एंटनी के नेतृत्व में रक्षा मंत्रालय पतवारहीन और दिशाहीन हो गई है।"
उन्होंने संप्रग सरकार पर 'वन रैंक, वन पेंशन' के मुद्दे पर भी हमला किया है और कहा कि इसको लेकर कोई अधिसूचना अब तक जारी नहीं हुई है।

Next Story