जनता बतायेगी कौन रास्ते से भटका है: मेनका
X
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की नेता मेनका गांधी ने प्रियंका गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि जनता तय करेगी कि कौन रास्ता भटक गया है। इससे पहले प्रियंका ने कहा था कि वरूण गांधी उनके भाई हैं, लेकिन रास्ता भटक गए हैं।प्रियंका पर पलटवार करते हुए मेनका ने कहा कि यदि देश सेवा करना रास्ता भटकना है तो फिर जनता ही तय करेगी कि कौन रास्ता भटक गया है। इससे पहले प्रियंका ने अमेठी के मुंशीगज में शनिवार को एक सभा में सार्वजनिक तौर पर पहली बार वरूण गांधी पर निशाना साधा था। प्रियंका ने कहा था, ""वरूण मेरे परिवार के जरूर हैं, वह मेरे भाई हैं, लेकिन रास्ता भटक गए हैं।
प्रियंका ने मतदाताओं से कहा कि जब कोई गलत रास्ते पर चला जाता है, तो जनता का विवेक उसे सही रास्ता दिखाता है। उन्हें सही रास्ते पर लाना आपका काम है। मैं आपसे अपेक्षा करती हूं कि आप मेरे भाई को सही रास्ता दिखाएंगे।""
गौरतलब है कि प्रियंका के चचेरे भाई वरूण अमेठी से सटी सुल्तानपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव ल़ड रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यह सीट कांग्रेस के संजय सिंह ने जीती थी।