जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन से 11 की मौत
X
श्रीनगर | जम्मू कश्मीर में मार्च के महीने में अप्रत्याशित रूप से हुयी बर्फबारी से हिमस्खलन के कारण सेना के दो जवान सहित कम से कम 11 लोग मारे गए और 100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। भारी बर्फबारी के कारण दर्जन भर घर के अलावा 150 से ज्यादा ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
पुलिस ने आज बताया कि लददाख क्षेत्र के करगिल सेक्टर में शिविर के हिमस्खलन की चपेट में आने के कारण दो सैन्य कर्मी, 82 वीं फिल्ड रेजीमेंट के नायक विजय प्रसाद और धर्मेंद्र सिंह की मौत हो गयी। दोनों कर्मियों के शवों बरामद कर लिया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज तड़के दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के दमहल हांजीपुरा इलाके के पैसेरन-द्रागदुन गांव में दो घरों के हिमस्खलन की चपेट में आने के कारण चार लोग मारे गए।
अधिकारी ने बताया कि काजीगुंड इलाके के मिमीगाम गांव में भारी बर्फबारी की वजह से छत गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि करगिल सेक्टर के कालसार में हिमस्खलन की चपेट में आकर तीन नेपाली श्रमिकों की मौत हो गयी।
कल रात दक्षिण शोपियां जिले के कांसू गांव में बर्फ के वजन से घर के ढहने के कारण एक महिला की मौत हो गयी।