बिहार : रेणु कुशवाहा ने मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा

पटना | बिहार की उद्योग एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रेणु कुशवाहा ने सोमवार रात मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित जनता दल (युनाइटेड) के नेताओं द्वारा उनके मान-मनौव्वल की काफी कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं मानीं।
सूत्रों के अनुसार, रेणु ने सोमवार रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया है जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वीकार कर लिया है।
रेणु ने बताया कि नैतिकता के आधार पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा, "यह ठीक नहीं है कि वह मंत्री पद पर रहें और उनके पति राज्य के मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में हों।"
उल्लेखनीय है कि पूर्णिया में नरेन्द्र मोदी की रैली के दौरान रेणु के पति और जद(यू) के प्रदेश महासचिव विजय कुमार सिंह ने भाजपा की सदस्यता स्वीकार कर ली थी।
रेणु के नजदीकियों का मानना है कि जद (यू) की उपेक्षा से वह नाराज थी। नाराजगी की मुख्य वजह सोनेलाल मेहता को विधान परिषद का उम्मीदवार बनाना भी है। माना जाता है कि खगड़िया की राजनीति में मेहता की पहचान रेणु के विरोधी के रूप में है।
सूत्रों का कहना है कि रेणु जद (यू) को छोड़ किसी अन्य दलों में भी जा सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही नीतीश के मंत्रिमंडल की महिला मंत्री परवीन अमानुल्लाह ने भी इस्तीफा देकर आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया था।