उत्तर भारत में ठंड ने फिर दी दस्तक, हिमस्खलन की चेतावनी जारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में ठंड एक बार फिर दस्तक दी है। कश्मीर घाटी और हिमाचल में जमकर बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी इलाकों में भारी बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटे मौसम ऐसा ही बना रहेगा। साथ ही जम्मू में भारी मात्रा में हिमस्खलन होने की चेतावनी जारी की गई है।
श्रीनगर में मार्च के महीने में हो रही बर्फबारी की वजह से स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतें हो रही हैं, लेकिन सैलानी खुश हैं। कश्मीर से लेकर हिमाचल तक ज्यादातर पहाड़ी इलाके बर्फ की सफेद चादर में ढक गए हैं। भारी बर्फबारी के चलते जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। जिसकी वजह से हाइवे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। घाटी के सभी स्कूलों में दो दिन की छुट्टी का ऐलान किया गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिख रहा है। आमतौर पर मार्च के महीने में ठंड आखिरी पड़ाव पर रहती है, लेकिन इस साल गर्म कपड़ों को फिर आलमारी से बाहर निकाला जा रहा है। मौसम विभाग की माने तो वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भारी बारिश हो रही है। अगले 48 घंटों में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है।