बस 100 दिनों की बात है: नरेंद्र मोदी

गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा खेल मैदान में असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने महाजागरण रैली के जरिए चुनावी प्रचार का शंखनाद किया। असम के राजनीतिक इतिहास में संभवतः सबसे बड़ी चुनावी रैली का हिस्सा बनते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा- जहां तक नजर जाती है वहां केवल माथा ही माथा दिखाई दे रहा है। मैं राज्यवासियों के इस प्यार को विकास के जरिए ब्याज समेत लौटाऊंगा। उन्होंने कहा कि बीते 60 वर्षों से देश में कांग्रेस का शासन था लेकिन अभी तक पूर्वोत्तर का विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 100 दिनों अब इंतजार है। देश परिवर्तन चाहता है। हम देशवासियों से केवल 60 महीने मांग रहे हैं, देखिए देश का कैसे विकास की दौड़ में आगे बढ़ता है।
मोदी ने कहा कि राज्य और केंद्र में कांग्रेस की सरकार है, इतना ही नहीं देश के प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह असम से बीते 23 वर्षों से राज्यसभा के प्रत्याशी चुनकर आ रहे हैं, ऐसे में असम और पूर्वोत्तर का विकास न होना अपने आप में सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि असम को लेकर बहुत पीड़ा है। कारण असम भू, जल, जंगल की प्राकृतिक संपदा से मालामाल है। इसके बाद भी यह राज्य विकास की दौड़ में सबसे गरीब है। इसके लिए जिम्मेदार कौन है। देश नहीं पूर्वोत्तर के आठ राज्यों मंइ असम नगालैंड से भी गरीब है। देश में सर्वाधिक गरीब राज्य की श्रेणी में है। राज्य में औद्योगिक विकास दर आधे प्रतिशत है। राज्य में 1000 नौजवानों पर 750 नौजवान बेरोजगार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने बयानों में मनरेगा से बात आरंभ करती है और उसी पर जाकर खत्म हो जाती है। असम के 12 लाख लोगों ने काम मांगा था, लेकिन यहां पर केवल 10 हजार 18 लोगों को ही काम मिला। कांग्रेस सरकार हमेशा झूठ के जरिए लोगों को अंधेरे में रखने का काम करती है।