दिल्ली विधानसभा में भारी हंगामे के बीच जनलोकपाल बिल पेश
X
नई दिल्ली | दिल्ली विधानसभा में भारी हंगामे के बीच जनलोकपाल बिल पेश कर दिया गया है। यह बिल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सदन में पेश किया जिसका बीजेपी और कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग की आपत्ति के बावजूद जनलोकपाल बिल पेश कर दिया गया। स्पीकर ने बिल पर चर्चा की इजाजत दे दी है। इसके बाद विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे के बीच दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही 20 मिनट के लिए फिर स्थगित कर दी गई है।
इससे पहले दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग की विधानसभा स्पीकर को लिखी गई चिट्ठी सदन में पढी गई। दिल्ली विधानसभा में एलजी के पत्र पर वोटिंग की मांग की गई। इससे पहले दिल्ली विधानसभा में दोबारा कार्यवाही शुरू हुई और फिर जनलोकपाल बिल पर हंगामा हुआ। कांग्रेस और बीजेपी विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया।
इससे पहले दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉक्टर हर्षवर्धन ने सदन में कहा कि केजरीवाल सरकार जनता के साथ भेदभाव पूर्ण रवैया अपना रही है, लेकिन दिल्ली सरकार और विधानसभा अध्यक्ष इन मुद्दों पर बहस नहीं कराना चाहते थे। इसलिए हंगामा हुआ। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनलोकपाल को लेकर केजरीवाल से कही ज्यादा गंभीर है।
बीजेपी नेता हर्षवर्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संदिग्ध चरित्र के कानून मंत्री सोमनाथ भारती को क्यों बचाना चाहते हैं। हर्षवर्धन विधानसभा में विदेशी महिलाओं के घर में घुसकर अभद्र व्यवहार करने वाले कानून मंत्री को पद से हटाने और आम आदमी पार्टी के अराजक चेहरे का मुद्दा विधानसभा में उठाने की अनुमति मांग रहे थे, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें इजाजत नहीं दी।