आप सत्ता में लौटी तो इस्तीफा नहीं दूंगा: केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल ने आज अमेरीका में अपने समर्थकों को आश्वासन दिया कि अगर दिल्ली में आप की दोबारा सरकार बनती है तो वह इस्तीफा देने की गलती नहीं करेंगे। उन्होंने दिल्ली चुनाव के लिये समर्थन मांगते हुए कार्यकर्ताओं से माफी मांगी और कहा कि अब गलती नहीं दोहराएंगे।
आप की सफेद टोपी और हाथों में बैनर एवं तख्तियां लिए अपने लगभग दो सौ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये केजरीवाल ने कहा कि उस समय हमने सोचा कि अगर इस्तीफ देंगे तो तुरंत चुनाव करा दिए जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया। केजरीवाल ने कहा कि यह एक गलत राजनीतिक आकलन था। शाजिया इल्मी जैसे नेताओं के पार्टी से चले जाने के बाद से पार्टी में टूट के बारे में कहने वालों पर भी केजरीवाल ने हमला किया। उन्होंने कहा कि लोग कह रहे हैं कि पार्टी टूट रही है क्योंकि इसके नेता उसे छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को यह मालूम नहीं है कि केवल एक व्यक्ति ने पार्टी छोड़ी है जबकि हजारों कार्यकर्ता इसमें शामिल हुये हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों को भ्रमित करने के लिए यह प्रयास किये जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी बस के ब्रेक और क्लच ठीक से काम कर रहे हैं और चालक को रास्ता मालूम है, चालक पर भरोसा रखिए। बिजनेस क्लास में यात्रा करने या ब्रांडेड स्वेटर पहनने पर आलोचना करने वालों पर भी केजरीवाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आप की कई सारी चीजों को जरूरत से ज्यादा उछाला जाता है।