मकान विवाद पर भाई को गोली मारी

भिण्ड । शहर थानांतर्गत लक्ष्मी नगर में मकान पर कब्जे को लेकर दो सगे भाइयों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने एक दूसरे के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं एक भाई पेट में गोली लगने से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी नगर निवासी विनोद शर्मा व शिवकुमार शर्मा सगे भाई हैं और मकान में परिवार सहित रहते हैं। हाल ही में विनोद शर्मा ने मकान, जो कि उनकी मां के नाम पर था, उसे अपनी पत्नी मिथलेश शर्मा के नाम करा लिया। विनोद ने अपने बड़े भाई से मकान खाली करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया।
इसी दौरान इनका भांजा जीतू भी आ गया और विनोद की तरफ से शिवकुमार के साथ गाली गलौज करने लगा। सुबह के समय जब शिवकुमार घर के बाहर दरवाजे पर बैठा था तभी विनोद एवं जीतू उसे पकड़ कर जबरदस्ती घर के अंदर ले गए और मारपीट करने लगे। पास में रहने वाले बलवंत सिंह कुशवाह को जब झगड़े की जानकारी लगी तो वे वहां गए और बीच-वचाब कराया।
इसी बीच विनोद को गोली लग गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी तथा घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने फरियादी विनोद शर्मा की रिपोर्ट पर आरोपी शिवकुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घर से भंडरिया में छिपा कर रखा गया कट्टा भी बरामद कर लिया है।
मामले को संदिग्ध मान रही पुलिस
थाना प्रभारी दामोदर गुपता का कहना है कि आसपास के लोगों से जब इस बारें में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि जब गोलीकांड हुआ था, तब शायद शिवकुमार वहां पर मौजूद नहीं था। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने घायल विनोद के हैण्डवाश भी कराए। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शहर थानांतर्गत लक्ष्मी नगर में मकान पर कब्जे को लेकर दो सगे भाइयों में विवाद हो गया। विवाद
Next Story