पार्टी के भीतर महिलाओं को दिया 33 फीसदी प्रतिनिधित्व: राजनाथ

लखनऊ। देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके राजनाथ सिंह ने इस बात का खुलासा किया कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी महिलाओं को 33 फीसदी प्रतिनिधित्व दिये जाने के खिलाफ थी लेकिन उन्होंने अपने अधिकार का इस्तेमाल कर इसे पार्टी में लागू करवाने का काम किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद महिलाओं को पार्टी के भीतर 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने के लिए मैने कदम उठाया था। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सभी सदस्य इसके खिलाफ थे लेकिन मैंने अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हुये कहा कि इस मुददे पर किसी तरह की वोटिंग नही होगी। इसको पार्टी के भीतर हर हाल में लागू किया जायेगा।‘‘
उन्होंने कहा कि आज देश में महिलाओं को जो प्रतिनिधित्व मिलना चाहिये वह नही मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ यह बात सही है कि संसद के भीतर और विधानसभओं में महिलाओं को जिस तरह का प्रतिनिधित्व मिलना चाहिये वह नही मिल पाया है।‘‘
राजनाथ सिंह ने अमीनाबाद महिला महाविद्यालय डिग्री कालेज के 75वीं वर्षगांठ के दौरान आयोजित समारोह में शिरकत कर बच्चों को सम्मानित करने के बाद यह बातें कही।
राजनाथ सिंह अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में दो दिवसीय दौरे पर हैं। कल शाम को असम से लखनऊ पहुंचे राजनाथ सिंह ने अपने सरकारी आवास पर सुबह कुछ कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
महिला डिग्री कालेज में आयोजित समारोह के बाद राजनाथ सिंह लखनऊ के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे।