Home > Archived > यूएन ने हाफिज को कहा साहिब, भारत ने जतायी आपत्ति

यूएन ने हाफिज को कहा साहिब, भारत ने जतायी आपत्ति

यूएन ने हाफिज को कहा साहिब, भारत ने जतायी आपत्ति
X

नई दिल्ली | संयुक्त राष्ट्र की एक चिट्ठी में मुंबई हमले के मास्टरमाइंड और आतंकवादी संगठन जमात-उद-दावा के सरगना हाफिज सईद को 'साहिब' कहकर संबोधित किया गया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की ओर से लिखे गए पत्र में सईद को 'साहिब' कहा गया है। मीडिया रिपोर्टों की मानें तो यूएनएससी द्वारा सईद को प्रतिष्ठा दिए जाने पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से यह पत्र 17 दिसंबर को लिखा गया है और इस पत्र पर यूएनएससी के चेयरमैन गैरी क्वीनलैन के हस्ताक्षर हैं। यह पत्र कथित रूप से संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध का सामना कर रहे व्यक्ति के आतंकवादी गतिविधियों के बारे में जानकारी के प्रावधान के जवाब में लिखा गया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की एक अदालत ने हाल ही में 26/11 हमले के आरोपी एवं लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी को जमानत दी है। हालांकि, भारत के दबाव के चलते पाकिस्तान सरकार ने लखवी को अभी तीन महीने जेल में रखने का फैसला किया है। इसके कुछ ही दिन बाद संयुक्त राष्ट्र के पत्र में सईद को सम्मानित किया गया है। इन दोनों घटनाओं को आतंकवाद के खिलाफ भारत की मुहिम को झटका लगने के रूप में देखा जा रहा है।
हाफिज सईद भारत के खिलाफ लगातार जहर उगलता रहता है। भारत के खिलाफ नफरत फैलाने के लिए हाफिज का ट्विटर अकाउंट पर भी रोक लगाई गई है। यही, नहीं सईद ने पेशावर के आर्मी पब्लिक स्कूल में हुए आतंकी हमले के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया है जबकि इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान तालिबान ने ली है। संयुक्त राष्ट्र ने सईद के सिर पर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है।

Updated : 21 Dec 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Share it
Top