पुरानी रंजिश पर की हत्या, मामला दर्ज

दबोह। शाम के समय एक युवक को मोटर साइकिल पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने गोली मार दी थी जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक मुकेश शाक्य निवासी होशियारवाली गली का पास में रहने वाले अमजद खान से अच्छा दोस्ताना था। पांच वर्ष पहले दोनों साथ रहते तथा खाना भी साथ खाते थे। बताया गया है कि इसी बीच मृतक का उक्त युवक की पत्नी से संबंध हो गए। जब उक्त जानकारी युवक को मिली तो दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बाद में पास में रहने वाले लोगों ने मामला शांत करवा दिया जिससे अमजद खान खिन्न रहता था। गुरुवार की शाम जब मृतक काम करके घर आयातभी अमजद एक अन्य अज्ञात युवक के साथ मोटर साइकिल से वहां पहुंचा और उसने फायरिंग कर दी। गोलीकांड में मुकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद से आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से बारह बोर के खाली खोके बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दविश दे रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस पार्टी गठित
आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए तीन पुलिस पार्टियां बनाई गई है। पुलिस ने आरोपी अमजद खांन की मां व उसके भाई को भी हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अतिशीघ्र आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र मेंं दहशत
गुरुवार की शाम अचानक हुए गोलीकांड से दबोह कस्बे में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी लगते ही व्यापारियों ने अपने शटर बंद कर दिए। इसके अलावा आज भी कुछ व्यापारियों ने तनाव के चलते अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।