अब सर्वे से होगी महिलाओं की सुरक्षा

भोपाल। राजधानी का कौन सा क्षेत्र महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा असुरक्षित है। ऐसे कौन से इलाके हैं जहां वे बेखौफ जा सकती है। किस क्षेत्र में महिलाएं ज्यादा असुरक्षित महसूस करती हैं। इन दिनों इस तरह की जानकारी एक सर्वे के जरिए एकत्र की जा रही है। ताकि जुटाई जानकारी को पुलिस को सौंपा जा सके। ऐसा करने से महिलाओं को सुरक्षा मिल सकेगी, साथ ही ऐसे क्षेत्रों में सुरक्षा के इंतजाम मजबूत किए जा सके।
शहर के भेल टाउनशिप से इस तरह के सर्वे की शुरूआत हो चुकी है। इस दौरान किसी ने असुरक्षा की बड़ी वजह स्ट्रीट लाइटों का बंद होना बताया। किसी ने अवैध रूप से खड़े वाहन, पान ठेले को जिम्मेदार माना। यहां तक की अधिकतर ने तो ऐसे ठिकानों को हटाने तक की मांग की है। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े इलाकों की जानकारी एकत्र करने के लिए यह सर्वे गैर सरकारी संगठनों की मदद से कराया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक इसकी निगरानी नगर निगम द्वारा की जा रही है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह सेफ्टी ऑडिट है। इसका उद्देश्य महिलाओं के लिए असुरक्षित इलाका कौन सा है पता करना है। यह जानकारी बकायदा महिलाओं से ही जुटाई जा रही है।
संगठन की टीम इसके लिए घरों मेंं जाकर सीधे महिलाओं से संपर्क कर रही है। उनसे असुरक्षित इलाकों के बारे में पूछा जा रहा है। सेफ सिटी इनिशिएटिव अभियान के तहत यह स्टडी की जा रही है। भेल के कई इलाकों में सर्वे शुरू हो चुका है। इस दौरान उनसे पूछा जा रहा है कि कहां जाने में वह असुरक्षित महसूस करती हैं। जानकारी के मुताबिक इस तरह की स्टडी शहर के 550 इलाकों में होना है।
