Home > Archived > भाजपा भेद पाएगी कांग्रेस का गढ़?

भाजपा भेद पाएगी कांग्रेस का गढ़?

शिवपुरी। बदरवास नगर पंचायत के होने जा रहे चुनाव में कांग्रेस के गढ़ को भेदने के लिए भाजपा के दिग्गज नेताओं द्वारा घेराबंदी की जा रही है। भाजपा के दिग्गज हर हाल में कांग्रेस के गढ़ को ढहाने का भरसक प्रयास करने में जुटे हुए हैं। वहीं नगर पंचायत उपाध्यक्ष अकेले ही कांग्रेस प्रत्याशी को विजयश्री दिलाने में दिन-रात एक किए हुए हैं।
उल्लेखनीय है नगर पंचायत बदरवास में पिछले 25 वर्षों से कांग्रेस का ही कब्जा है। इस बार कांग्रेस ने जहां वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष बद्रीप्रसाद परिहार की पत्नी प्रयाग बाई को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है वहीं भाजपा ने नारायणी बाई खटीक को मैदान में उतारा है, जिनके समर्थन में पूर्व विधायक देवेन्द्र जैन, शिवपुरी के पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, शाडोरा के पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव, ओमप्रकाश खटीक, वीरेन्द्र रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र जैन गोटू ने चुनाव की कमान संभाल रख्ी है।
वहीं भाजपा के दिग्गज नेताओं का सामना पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष स्व. लालसाहब यादव के पुत्र नगर पंचायत उपाध्यक्ष भूपेन्द्र यादव कर रहे हैं। वे कांग्रेस प्रत्याशी प्रयाग बाई को विजयश्री दिलाने के लिए कटिबद्ध नजर आ रहे हैं।
इधर भाजपा नेता भी कांग्रेस के गढ़ को भेदने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। नगर पंचायत चुनाव के मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे चुनावी माहौल गर्मा रहा है। चुनावी माहौल दिनों दिन रोचक होता जा रहा है। बदरवास नगर पंचायत में प्रमुख मुकाबला कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों के बीच ही होना है क्यों कि यहां इन दोनों प्रमुख दलों के अलावा अन्य कोई दल अथवा निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं है।


Updated : 26 Nov 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top