फंदा ग्राम बनेगा आदर्श 

गांव की बेटी गांव की शरण में लौटी : नजमा 


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और अल्पसंख्यक कल्याण केन्द्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला ने प्रधानमंत्री आदर्श सांसद ग्राम योजना के तहत हुजूर विधानसभा क्षेत्र के फंदा ग्राम की आधारशिला रखते हुए भावुक होकर कहा कि गांव की बेटी गांव में लौटी है। नजदीकी ग्राम नीलूखेड़ी नजमाजी का मादरे वतन है।
इस अवसर पर महिला बाल कल्याण मंत्री माया सिंह, सांसद आलोक संजर, क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा, कलेक्टर और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने फंदा का सर्वेक्षण कर चहुंमुखी विकास की महत्वाकांक्षी योजना पर विस्तार से चर्चा की। विधायक रामेश्वर शर्मा के क्षेत्र को शौचालय युक्त बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए माया सिंह ने कहा कि विधायक रामेश्वर शर्मा 117 आगंनबाडिय़ों के सुचारू संचालन का मार्ग प्रशस्त करते हुए हुजूर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास का संदेश दिया है।
फंदा ग्राम में क्रीड़ा मैदान, सरोवर का सौन्दर्यीकरण मार्गो के संधारण, स्वच्छता और सफाई की कार्ययोजना पर तत्काल विचार किया गया और विकास के अनुरूप सर्वेक्षण किए जाने के आदेश दिए गए। नजमा हेपतुल्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसद आदर्श ग्राम योजना आरंभ कर महात्मा गांधी के ग्रामीण स्वावलंबन का रास्ता आसान किया है।
क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आजादी के 68 वर्षो के बाद किसी प्रधानमंत्री ने ग्रामोन्मुखी पहल कर देश के 6 लाख गांवों के यथार्थ की ओर देश का ध्यान आकृष्ट किया है। सांसद आलोक संजर ने भी संसदीय क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं के अनुकूल विकास कार्यों को गति देने का आग्रह किया। नजमा हेपतुल्ला ने भरोसा दिलाया कि आंचलिक विकास में पूर्णपन से जुटेगी। फंदा को आदर्श ग्राम के रूप में संवारा जायेगा। रामेश्वर शर्मा ने जो विकास योजनाओं की चर्चा की और श्रीगणेश किया है उन्हें पूरा करके आंचलिक धरती का कर्ज चुकाउंगी। पंचायत सरपंच और जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।

Next Story