प्रदेश में अटकी विकास से जुड़ी फाइलें

नपा उपाध्यक्ष श्री मावई ने की पत्रकार वर्ता

मुरैना। नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह मावई ने अपने निवास पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश मावई की मौजूदगी मेें पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि प्रदेश व केन्द्र की सरकार में भाजपा पूरी तरह से काबिज है तथा विधायक व सांसद सभी भाजपा के हैं उसके बावजूद विकास से जुड़ी फाइलें अटकी पड़ी हैं। उनका कहना था कि 230 करोड़ रुपए के सीवर प्रोजेक्ट का प्रस्ताव मुरैना शहर के लिए नगर पालिका द्वारा उस समय भेजा गया था जब केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन प्रदेश सरकार से प्रोजेक्ट बजट स्वीकृत कर नहीं भेजा गया। जिसकी बजह से आज भी यह फाइल सरकारी बस्तों में धूल खा रही है। ऐसी अनेक फाइलें जो भाजपा शासन में अटकी पड़ी हं।
चर्चा के दौरान श्री मावई ने कहा कि चुनावों में थोथे वादे व घोषणाएं कर जनता के वोट लेने के बाद सांसद अनूप मिश्रा लापता हो गए हैं। जनता विकास कार्यों के लिए उनकी बाट जोह रही है। उन्होंने पढ़ावली गांव को गोद लेने की घोषणा की थी, लेकिन जीतने के बाद आज तक गांव नहीं पहुंचे हंै। उन्होंने कहा कि बीते साल तत्कालीन सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर ने बैरियर चौराहे पर फ्लाई ओव्हर बनाने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक उस दिशा में कोई कार्य नहीं हुआ है।
निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश मावई ने कहा कि मोदी लहर का असर खत्म हो रहा है और बदलाव की लहर चल रही है। निकाय चुनावों में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन कर फतह हासिल करेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान नपा उपाध्यक्ष श्री मावई ने कहा कि जिले की कानून व्यवस्था बदहाल है। भाजपा नेता के इशारे पर पुलिस अधिकारी जाति विशेष के लोगों पर झूठे मामले दर्ज कर रहे हंै। उन्होंने एसपी से आरोपी बनाए गए लोगों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उपाध्यक्ष श्री मावई ने कहा कि पुलिस के नाकारापन के चलते अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है। शनिवार को कैलारस में दिनदहाड़े ईंट भट्टा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पढ़ावली डकैती का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। पत्रकारवार्ता में पूर्व प्रवक्ता राजेन्द्र यादव, रविप्रताप सिंह भदौरिया, पूर्व नपाध्यक्ष मुरारीलाल खस, पार्षद रामस्वरूप सिंह सिकरवार और अब्दुल रहमान अब्बासी मौजूद थे। 

Next Story