Home > Archived > राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनना चाहिए : दिग्विजय

राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनना चाहिए : दिग्विजय

राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनना चाहिए : दिग्विजय
X

नई दिल्ली | लोकसभा चुनाव और हाल के महाराष्ट्र एवं हरियाणा के विधानसभा चुनावों में करारी हार का स्वाद चखने वाली कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व में बदलाव की मांग तेज होने लगी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने नेतृत्व परिवर्तन की मांग की है। सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी के लिए यह बिल्कुल सही समय है कि वह अपनी माता सोनिया गांधी की जिम्मेदारियों को अपने कंधों पर लें और पार्टी का अध्यक्ष बनें।
एक चैनल से बातचीत में सिंह ने कहा कि नेतृत्व में परिवर्तन से संगठन में नई जान आएगी।
सिंह ने कहा, 'राहुल गांधी को कांग्रेस का नेतृत्व अपने हाथों में लेना चाहिए। हम लोग इसका समर्थन करेंगे।' कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने उन सुझावों को खारिज कर दिया कि कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनने के लिए राहुल के लिए यह सही समय नहीं है।
सिंह ने कहा, 'सभी पार्टियों में एक खराब दौर आता है। आप माकपा अथवा राजद के बुरे दौर की बात क्यों नहीं करते? खराब दौर का नेतृत्व के मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है।' दिग्विजय सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है जब राहुल गांधी पार्टी की हार को लेकर वरिष्ठ नेताओं से मंत्रणा कर रहे हैं।
विचार-विमर्श के इस क्रम में राहुल गांधी ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे, अमरिंदर सिंह, जनार्दन द्विवेदी, मुकुल वासनिक, गिरिजा व्यास, शशि थरूर और अजय माकन के साथ लंबी मंत्रणा की।
कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने कहा कि पिछले कुछ दिनों के अंदर राहुल गांधी की इस तरह की यह तीसरी बैठक थी। इसे नेतृत्व द्वारा भविष्य की रणनीति तय करने के लिए स्थिति के आंकलन के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
मई में लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद से ही कांग्रेस नेतृत्व चिंतन शिविर आयोजित करने की चर्चा कर रहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी के सदस्यों की संख्या घटकर 44 पर पहुंच गयी। पार्टी की लोकसभा में यह अब तक सबसे कम संख्या है। ऐसी खबरें हैं कि राहुल ने पार्टी में नयी जान फूंकने और मोदी के उभार को रोकने की रणनीति तैयार करने के लिए देशभर से पार्टी नेताओं को चर्चा के लिए दिल्ली बुलाया है।
गुरुवार को राहुल ने तरूण गोगई, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी, जयपाल रेड्डी, सचिन पायलट, मीनाक्षी नटराजन, मणि शंकर अय्यर और अशोक तंवर के साथ बैठक की थी। इससे पहले मंगलवार को राहुल ने पार्टी के संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों के साथ एक बैठक की थी।

Updated : 1 Nov 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top