योगेन्द्र को चौदह दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
X
रांची | पूर्व कृषि मंत्री और बड़कागांव के विधायक योगेन्द्र साव को हजारीबाग के प्रभारी एसडीजेएम गरिमा मिश्रा ने चौदह दिनों की न्यायिक हिरासत मे भेज दिया। आपराधिक संगठन और नक्सलियों से संबंध को लेकर गिरफ्तार योगेन्द्र साव को मामले के अन्य सात अभियुक्तों के साथ गुरूवार की सुबह अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने सभी को चौदह दिनों की हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। इसके बाद सभी आरोपियों को जेपी केन्द्रीय कारा हजारीबाग भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि झारखंड टाईगर ग्रुप के सरगना राजकुमार गुप्ता के बयान पर योगेन्द्र साव पर आपराधिक संगठन को संरक्षण देने का आरोप लगा।
इसके बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दिया। काफी मस्सकत के बाद सीआईडी की टीम ने पिछेले शनिवार की देर रात उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार किया। उन्हें बुधवार को हजारीबाग के न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें एक दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। गुरूवार को अन्य सात अभियुक्तों के साथ श्री साव की भी अदालत में पेशी हुई जहां से उन्हें चौदह दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।