फ्रेंच ओपन में भारत की अगुवाई करेंगी सायना

पेरिस। देश की शीर्ष महिला बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल मंगलवार से शुरू हो रहे 275,000 डॉलर इनामी राशि वाले फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का नेतृत्व करेंगी। पांचवीं विश्व वरीयता प्राप्त सायना फ्रेंच ओपन में 2012 में फाइनल तक का सफर तय कर चुकी हैं। सायना इस बार स्थानीय चुनौती सशिना विग्नेस वारान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेंगी। भारत की दूसरे नंबर की खिल़ाडी और दो बार विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकीं पी. वी. सिंधु के लिए हालांकि पहला मैच ही काफी कठिन होगा। सिंधु थाईलैंड की बी. पोर्नटिप के खिलाफ बुधवार को अपने अभियान की शुरूआत करेंगी। दोनों भारतीय स्टार यदि अंतिम-चार तक पहुंचने में सफल रहती हैं तो सेमीफाइनल में उन्हें एकदूसरे का सामना करना प़ड सकता है। महिला युगल वर्ग में देश की शीर्ष जो़डी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा नीदरलैंड की जो़डीदार एईफी मस्केंस और सेलेना पीक के खिलाफ टूर्नामेंट की शुरूआत करेंगी। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में पुरूष एकल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाले पारूपल्ली कश्यप के लिए टूर्नामेंट का आगाज ही बेहद कठिन साबित होने वाला है। कश्यप को चौथे विश्व वरीयता प्राप्त जापान के केनीची टागो के खिलाफ पहला मैच खेलना है। कश्यप के अलावा पुरूष एकल वर्ग में किदांबी श्रीकांत, आर. एम. वी. गुरूसाईदत्त और एच. एस. प्रनॉय भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रनॉय ने पिछले महीने ही इंडोनेशिया मास्टर्स ग्रांप्री. जीती है। पुरूष युगल वर्ग में मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी तथा प्रणव जेरी चोप़डा और अक्षय देवालकर की जो़डी भारतीय चुनौती पेश करेंगे। मिश्रित युगल वर्ग में पोनप्पा रूस के अपने जो़डीदार व्लादिमिर इवानोव के साथ उतरेंगी।