जनमानस
मध्य प्रदेश का मिशन 29
विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान टारगेट 29 में जुट गए हैं। फिलहाल मध्यप्रदेश में भाजपा के पास लोकसभा की 16 सीटें हैं। कांग्रेस ने 12 सीटें जीती थीं, इनमें एक होशंगाबाद सांसद उदय प्रताप सिंह को हाल के विधानसभा चुनावों में प्रदेश भाजपा ने तोड़कर अपने यहां मिलाया है। एक अन्य सीट रीवा बसपा के पास है। विधानसभा चुनाव में जिस तरह का बहुमत भाजपा को मिला है और कांग्रेस के कब्जे वाले लोकसभा क्षेत्रों की विधानसभा सीटों पर जिस तरह से सेंध लगाई है, उसके बाद टारगेट 29 में तो बहुत ज्यादा कठिन राह नजर नहीं आ रही है। फिर भी शिवराज सिंह चौहान कोई भी मौका चूकना नहीं चाहते हैं। लगातार दस साल तक केंद्र की सत्ता से दूर रहने के आद भाजपा एक बार फिर केंद्र में सरकार बनाने के सपने पूरा करने में जुट गई है।
कवायद में भाजपा का प्रदेश संगठन भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में बतौर सहयोगी मिशन साधने की फिराक में है। वह इसलिए भी कि मौजूदा समय में शिवराज ही एक ऐसा चेहरा है, जिसके पास न केवल शासन की कमान है। बल्कि जनता का समर्थन भी। लिहाजा संगठन की तैयारी भले ही नजर नहीं आ रही है। लेकिन सरकार की तैयारियां परवान चढऩे को है। वह इसलिए कि उसके सामने विगत लोकसभा चुनाव के मुकाबले प्रतिद्वंद्वी दल कांग्रेस के पास मौजूद सींटे छीनने की चुनौती है। लेकिन पार्टी पदाधिकारी इस बात से आश्वस्त है, कि इन प्रयासों से जनमत भाजपा के पक्ष में बनेगा और शिवराज का मिशन टारगेट 29 सफल होगा।
विनोद उपाध्याय, मुरैना