राहुल के नेतृत्व में जीतेंगे 2014 का चुनाव: मनमोहन सिंह
X
नई दिल्ली | दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में चल रहे कांग्रेस के अधिवेशन में भाजपा पर हमले की टोन बरकरार रखते हुए मनमोहन ने आम आदमी पार्टी को भी लपेटा। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दल ऐसे वादे कर रहे हैं, जिन्हें पूरा करना मुमकिन ही नहीं। एआईसीसी की बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने भाषण में कहा कि इस सत्र में चुनावी तैयारी में मदद मिलेगी। विधानसभा चुनाव में नतीजे निराशाजनक रहे लेकिन इस हार से हमें हताश होने की जरूरत नहीं है। कमियों पर विचार करने की जरूरत है। तैयारी करते हैं तो राहुलजी की जीत होगी। कांग्रेस ही भारत का निर्माण कर सकती है।
मनमोहन सिंह ने कहा कि इस सत्र में चुनावी तैयारी में मदद मिलेगी। विपक्षी दलों के दावे पूरे होना मुमकिन नहीं। उन्होंने कहा कि मंदी होने के बावजूद देश का विकासदर अच्छा रहा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए गए है। हमारी नीतियों की वजह से गरीबी कम हुई है। हमने कमजोर तबकों की जरूरतों का ख्याल रखा है।
महंगाई में बढ़ोतरी हुई है पर इससे किसानों को फायदा हुआ है। यह भी मानना होगा कि महंगाई के मुकाबले लोगों की आमदनी भी बढ़ी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व से हमें बल मिला है। हमें सफलताओं का श्रेय नहीं मिल पाया। हम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगता है, पर भ्रष्टाचार रोकने पर पहले इतना काम कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि, सिर्फ नारे लगाने से समस्या का समाधान नहीं है। हमसे कुछ गलतियां हुई हैं जिससे हमने सीख ली है, और हमने अपनी गलतियों को सुधारा है। राहुलजी के काम से पार्टी में उत्साह पैदा हुआ है। राहुल गांधी के नेतृत्व में 2014 में जीत पक्की है।