आंधी से छज्जा गिरा, दो की मौत, दो घायल

मुरैना | पोरसा कस्बे में तेज आंधी से एक मकान का छज्जा गिर गया। छज्जा गिरने से उसके नीचे सो रहे चार लोग दब गए। जिससे दो लड़कियों की मौत हो गई, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मिली जानकारी के मुताबिक पोरसा के पुराना खेरा मौहल्ला में चंगेज खां अपने परिवार के साथ मकान के छज्जे के नीचे सो रहा था। तभी गुरुवार की रात 12 बजे तेज आंधी से मकान का छज्जा गिर गया।
छज्जा गिरने से चंगेज खां का पूरा परिवार उसके नीचे दब गया। छज्जा गिरने की आवाज और चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग चंगेज खां के दरवाजे पर पहुंचे। पड़ोसियों ने छज्जे के मलबे में दबे चंगेज और उसके परिजनों को निकाला। छज्जा ऊपर गिरने से शायना उम्र 15 वर्ष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं चंगेज खां, शहनाज और रूकसाना गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सायल भर्ती कराया। जिला चिकित्साल में रूकसाना की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे ग्वालियर रैफर कर दिया। ग्वालियर में दौराने इलाज रूकसाना की मौत हो गई।