जीप नहर में गिरी, चार गंभीर घायल

शिवपुरी | भौंती थाना क्षेत्र में ग्राम पिंधारी में बीती रात्रि एक परिवार दुर्घटना में उस समय घायल हो गया जब वह अपनी बेटी को लेने उसकी ससुराल जा रहे थे। उसी समय उनकी गाड़ी नहर में 20 फिट नीचे गिर गई। जिससे उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में ले लिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार करैरा अनुविभाग में स्थित ग्राम मुंगावली से भौंती स्थित हरपुरा में अपनी बेटी को लेने ससुराल जा रहे थे। जैसे ही रात्रि 9 बजे उनकी मार्शल वाहन क्रमांक एमपी 33 बी 0028 ग्राम पिंधारी के पास पहुंचा तभी वहां पहले से ही निर्माणाधीन नहर अंधेरे के कारण नहीं दिखी और उनकी मार्शल निर्माणाधीन नहर में 20 फिट नीचे गिर गई। जिससे उसमें सवार राजेश लोधी, गजराज लोधी, ब्रजेश लोधी और अमित लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उसमें सवार चार अन्य सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं।
सांकेतक बोर्ड नहीं लगा होने से हुआ हादसा
बीती रात जब एक मार्शल वाहन में सवार होकर एक परिवार अपनी बेटी को ससुराल से लाने के लिए जा रहा था। तभी उनका वाहन एक निर्माणाधीन नहर में गिर गया और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा निर्माणाधीन नहर के पास कोई भी सांकेतिक बोर्ड नहीं लगे होने के कारण हुआ है। अगर इस स्थान पर कोई सांकेतिक बोर्ड लगा हुआ होता तो यह हादसा नहीं होता।
आनन-फानन में रात्रि में लगाए सांकेतक बोर्ड
ग्राम पिंधारी में हुए हादसे के बाद रातोंरात निर्माण ऐजेंसी कर्मचारियों ने आनन-फानन में सांकेतक बोर्ड लगा दिए। यह आरोप गांव पिंधारी के प्रकाश मेहते, नीरज गुप्ता, मुलायम रजक, नरेन्द्र रजक आदि ग्रामीणों ने लगाए हैं। उन्होंने कहा कि रात्रि 9 बजे यह हादसा हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन में फसे हुए लोगों को निकाला। जब तक वहां कोई भी सांकेतिक बोर्ड नहीं लगे थे, लेकिन अर्धरात्रि में आनन-फानन में यह बोर्ड लगा दिए। ग्रामीणों ने इन कर्मचारियों की लापरवाही से हुए हादसे के बाद दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
