प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी हमले का जायजा करने रायपूर पहुंचे

रायपुर | छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी नेताओं पर हुए माओवादी हमले के बाद रायपुर पहुंचे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रामकृष्ण अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। यहां पर माओवादी हमले में घायल हुए करीब पंद्रह मरीज भर्ती हैं। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज कराए जाने का भी भरोसा दिया। पीएम ने कहा कि इन कुर्बानियों को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा।
भीषण माओवादी हमले के विरोध में आज छत्तीसगढ़ बंद है और कई जगह से तोड़फोड़ की खबरें हैं। रायगढ़ में लोगों ने ट्रेन रोक दी जो हमले में मारे गए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल का गृह जिला है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी रायपुर स्थित पटेल के सरकारी आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। दूसरी ओर, राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके मंत्रिमंडल सहयोगी आज जगदलपुर पहुंचे तथा हमले में मारे गए वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा को श्रद्धांजलि दी। मनमोहन सिंह ने कहा कि माओवादीयों से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष हमले की घटना के बाद शनिवार को ही रायपुर पहुंच गए थे। उन्होंने भी अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इससे घबराने वाली नहीं है, बल्कि वह अपनी पूरी ताकत के साथ मुहिम को लगातार आगे बढ़ाएगी।