नौतपा से पहले ही बरसी आग

नौतपा से पहले ही बरसी आग
X

ग्वालियर | नौतपा से एक दिन पूर्व शुक्रवार को ग्वालियर अंचल सुबह से शाम तक तवे की तरह तपता रहा। दोपहर में तेज धूप के रूप में आसमान से जब आग बरसना शुरू हुई और राजस्थान की ओर से गर्म हवाएं चलीं, तो पूरे शहर में जैसे अघोषित कफ्र्यू लग गया। सूर्य की तपन से अधिकतम पारा 46 के अंक को पार कर गया। हालत यह थी कि सूर्यास्त के बाद भी गर्मी से राहत नहीं थी। देर शाम तक लपट का प्रकोप बना रहा। इस सीजन में 19 मई रविवार के बाद यह दूसरा मौका है, जब पारा 46 डिग्री के पार पहुंचा है।
अंचल में मई के प्रथम सप्ताह से ही गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पारा 47 के अंक को छूने को आतुर है। हालत यह है कि टंकियों का पानी प्रात: 8 बजे से ही खौलने लगता है। दोपहर तक तो पानी इस कदर उबलने लगता है कि उसमें हाथ डालते ही ऐसा महसूस होता है, जैसे अभी फफोले पड़ जाएंगे। ऐसे भीषण गर्म माहौल में क्या इंसान, क्या पशु, क्या पक्षी, समस्त जीव-जगत का हाल बेहाल है। भीषण गर्मी के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त सा हो गया है। दोपहर होते ही जैसे सब कुछ स्वत: ही थम जाता है। कभी दिन भर गुलजार रहने वाले बाजारों में अघोषित कफ्र्यू लग जाता है, तो सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। भीषण गर्मी से परेशान इंसान अपने घरों में, तो पक्षी अपने घौंसलों में छिप जाते हैं। सड़कों पर आवारा घूमने वाले पशु भी सुरक्षित स्थानों की शरण में चले जाते हैं। गुजरे रविवार के बाद शुक्रवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। आसमान साफ होने से सूरज ने सुबह से ही रौद्र रूप दिखाया। दोपहर बाद असमान में हालांकि बिखरे हुए बादलों की आवाजाही शुरू हो गए, किन्तु सूरज की तपन पर कोई असर नहीं हुआ। आज दिन भर करीब 7 से 8 कि.मी. प्रति घण्टे की गति से चली उत्तर पश्चिमी गर्म हवाओं ने मौसम को गर्म बनाए रखने में प्रमुख भूमिका निभाई। इन हालातों में लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। अधिकतर लोग अपने-अपने घरों, दफ्तरों, प्रतिष्ठानों में एसी, कूलर, पंखा आदि के सामने ही बैठे रहे। शाम को सूर्यास्त के बाद धूप से भले ही राहत मिली, लेकिन गर्मी और लपट का प्रकोप देर शाम तक बना रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र ग्वालियर के अनुसार आज अधिकतम तामपान गतरोज से 0.5 डिग्री बढ़कर 46.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो अपने औसत स्तर से 4.0 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री बढ़कर 32.4 डिग्री पर पहुंच गया, जो अपने औसत स्तर से 5.0 डिग्री अधिक है। इसी प्रकार प्रात: की आर्द्रता 25 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम को घटकर 21 प्रतिशत रह गई। मौसम के जानकारों का पूर्वानुमान है कि शनिवार को तापमान में आंशिक वृद्धि हो सकती है।

Next Story