राष्ट्रपति ने 108 हस्तियों को दिए पद्म पुरस्कार

राष्ट्रपति ने 108 हस्तियों को दिए पद्म पुरस्कार

नई दिल्ली | राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने विभिन्न क्षेत्रों की108 हस्तियों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कार से नवाजा। सम्मान पाने वाली हस्तियों में शर्मिला टैगोर और श्रीदेवी भी शामिल हैं। जानेमाने भौतिकी विज्ञानी यशपाल और प्रख्यात मूर्तिकार रघुनाथ मोहपात्र को दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण प्रदान किया गया, जबकि बल्लेबाज राहुल द्रविड़ और अभिनेत्री शर्मिला टैगोर पद्मभूषण सम्मान पाने वालों में शामिल हैं। अभिनेत्री श्रीदेवी पद्मश्री सम्मान पाने वालों में शामिल हैं। इस वर्ष भी किसी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' के लिए नहीं चुना गया। 2008 में दिवंगत भीमसेन जोशी को यह सम्मान दिए जाने के बाद से अब तक किसी को भी यह सम्मान नहीं दिया गया है। राष्ट्रपति ने वर्ष 2013 के लिए108 नामचीन हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करने का एलान किया था। इनमें चार पद्म विभूषण, 24 पद्म भूषण और 80 पद्मश्री पुरस्कार शामिल थे। इस बार दिए गए पुरस्कार विजेताओं में 24 महिलाएं को दिए गए है। वहीं, 11 पुरस्कार विदेशी, अप्रवासी, भारतीय मूल या मरणोपरांत श्रेणी में दिए गए हैं। पद्म विभूषण पाने वालों में उड़ीसा के कलाकार रघुनाथ मोहापात्र व कर्नाटक के वैज्ञानिक प्रो. रोडम नरसिम्हा भी शामिल हैं। नागरिक सम्मान समारोह राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित किया गया। इस मौके पर उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, वित्त मंत्री पी. चिदंबरम और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जयपाल रेड्डी आदि मौजूद थे।



Next Story