Home > Archived > दिल्ली रेप मामला: आरोपी चार दिन की पुलिस हिरासत में

दिल्ली रेप मामला: आरोपी चार दिन की पुलिस हिरासत में

नई दिल्ली | पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर क्षेत्र में पांच वर्ष की बच्ची के साथ बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार दूसरे आरोपी प्रदीप को अदालत ने आज चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संजय गर्ग ने 19 वर्षीय प्रदीप को चार दिन के पुलिस रिमांड पर देने का आदेश दिया। दिल्ली पुलिस प्रदीप को बिहार से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाई है। प्रदीप को कडी सुरक्षा के बीच अदालत लाया गया। इस मामले का मुख्य आरोपी मनोज पहले से ही न्यायिक हिरासत में है। मनोज ने पुलिस से पूछताछ में यह कहा है कि बच्ची के साथ बलात्कार उसने नहीं बल्कि प्रदीप ने किया है। पुलिस ने अदालत को आज बताया कि दोनों ने ही बच्ची के साथ बलात्कार किया। न्यायाधीश गर्ग ने इस मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस से सवाल किया कि यदि दोनों अभियुक्तों ने बच्ची के साथ बलात्कार किया है तो इसका जवाब निश्चयपूर्वक दें। इस पर पुलिस के वकील ने कहा कि हां दोनों ने बच्ची के साथ बलात्कार किया है। पुलिस के यह कहने पर कि वह दोनों अभियुक्तों को आमने-सामने बिठाकर इस मामले में पूछताछ करना चाहती है। इस पर अदालत ने मनोज को बुधवार को पेश करने के लिए कहा है।



Updated : 23 April 2013 12:00 AM GMT
Next Story
Top